Tue, 02 Dec 2025 10:49:42 - By : Tanishka upadhyay
आगरा: ताजमहल के शहर में मौसम का मिजाज अब बदलने लगा है। भारतीय मौसम विभाग ने मंगलवार से मौसम में हल्का बदलाव आने का अनुमान जताया है। सुबह के समय हल्का कोहरा छाने और दोपहर में धूप निकलने की संभावना है। इसके साथ ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है। सोमवार को भी तापमान में मामूली गिरावट देखी गई और दिनभर चली ठंडी हवाओं ने लोगों को सर्दी का अहसास कराया।
सोमवार की सुबह खुले इलाकों में हल्का कोहरा देखा गया। यमुना किनारा रोड, ताजमहल परिसर और अन्य खुले क्षेत्रों में दृश्यता कम होती नजर आई। हालांकि दिन चढ़ते ही धूप निकलने के बाद कोहरा धीरे-धीरे छंट गया। दोपहर में धूप रही, लेकिन अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहने के कारण गर्माहट का असर ज्यादा महसूस नहीं हुआ। शाम होते ही हवा की रफ्तार से तापमान और नीचे गिरा और ठंड बढ़ गई।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से क्रमशः 0.7 और 1.5 डिग्री कम रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री और न्यूनतम 11.9 डिग्री रहा था, जिससे सप्ताह की शुरुआत में ही ठंडक बढ़ने के संकेत मिले हैं।
मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि आने वाले दिनों में सुबह हल्का कोहरा लगातार दिखाई दे सकता है। अगले चार से पांच दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक गिरावट दर्ज होने की संभावना है। इसके असर से सर्दी में और बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
मौसमी बदलाव के शुरुआती संकेत से शहर में सुबह की ठंड तेजी से महसूस की जा रही है। लोगों ने गर्म कपड़ों का इस्तेमाल बढ़ा दिया है और दुकानों पर भी सर्दी से जुड़ी सामग्री की मांग बढ़ने लगी है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट के साथ शहर में सर्दी का असर और गहरा हो सकता है।