बलिया। जनपद बलिया पुलिस लाइन में शुक्रवार को सम्मान और कृतज्ञता से भरा वातावरण देखने को मिला जब पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हुए तीन अधिकारी और कर्मचारियों को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्री कृपा शंकर ने सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र शूटकेस घड़ी और अंग वस्त्र भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
दिनांक 31 जनवरी 2026 को पुलिस सेवा से अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने वालों में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस श्री राजेन्द्र प्रसाद थाना उभांव जनपद बलिया उप निरीक्षक सशस्त्र पुलिस श्री प्रकाश यादव तथा मुख्य आरक्षी चालक श्री इन्द्रजीत प्रसाद पुलिस लाइन बलिया शामिल रहे। सभी ने अपने लंबे सेवाकाल के दौरान पूर्ण निष्ठा ईमानदारी और लगन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया।
सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों के सम्मान में पुलिस लाइन बलिया में आयोजित विदाई समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्री कृपा शंकर ने कहा कि पुलिस विभाग को ऐसे कर्मठ और अनुशासित अधिकारियों पर गर्व है जिन्होंने पूरी निष्ठा के साथ जनता की सेवा की। उन्होंने कहा कि सेवा निवृत्ति एक नए जीवन की शुरुआत होती है और सभी सेवानिवृत्त कर्मियों का अनुभव समाज और परिवार के लिए सदैव उपयोगी रहेगा।
विदाई समारोह के दौरान उपस्थित सभी अधिकारी और कर्मचारियों ने तालियों के साथ सेवानिवृत्त साथियों को शुभकामनाएं दीं। प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन बलिया श्री राम बेलास सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपने उद्बोधन में उनके योगदान की सराहना करते हुए उनके सुखमय और समृद्ध भविष्य की कामना की।
पूरे कार्यक्रम में आत्मीयता और सम्मान की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपने सेवाकाल की स्मृतियों को साझा करते हुए पुलिस विभाग और सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन सौहार्दपूर्ण माहौल में हुआ।
