बलिया: पिता की चाकू से गोदकर हत्या के आरोप में पुत्र-पुत्रवधू गिरफ्तार, चाकू बरामद

By
Mridul Kumar Tiwari
Mridul Kumar Tiwari is the Editor-in-Chief of News Report, a registered Hindi newspaper dedicated to credible, independent, and public-interest journalism. He oversees editorial operations, newsroom standards,...
3 Min Read
बलिया पुलिस ने पिता की हत्या के आरोप में पुत्र मुकेश यादव और उसकी पत्नी पुष्पा देवी को गिरफ्तार किया।

बलिया: पिता की चाकू से गोदकर हत्या करने के आरोप में पुत्र व पुत्रवधू गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद

जनपद बलिया के थाना दोकटी क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते पिता की चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त और एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त एक अदद चाकू भी बरामद किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के अंतर्गत की गई।

घटना का विवरण

थाना दोकटी क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर निवासी चिन्ता देवी पत्नी स्व. लालजी यादव ने थाना दोकटी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके पुत्र मुकेश यादव ने अपनी पत्नी पुष्पा देवी के उकसाने पर पारिवारिक विवाद के दौरान अपने पिता लालजी यादव पर चाकू से हमला कर दिया। बीच बचाव करने पहुंचे उनके अन्य दो पुत्र राकेश यादव और गोविंद यादव को भी चाकू मारकर घायल कर दिया गया।

घटना में गंभीर रूप से घायल लालजी यादव को उपचार के लिए सीएचसी सोनबरसा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल राकेश यादव और गोविंद यादव को जिला चिकित्सालय बलिया रेफर किया गया। मामले में थाना दोकटी पर मुकदमा अपराध संख्या 22/2026 धारा 103(1), 109, 3(5) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर विवेचना प्रारंभ की गई।

गिरफ्तारी की कार्रवाई

14 फरवरी 2026 को प्रभारी उपनिरीक्षक श्री आशुतोष मध्देशिया के नेतृत्व में पुलिस टीम वांछित अभियुक्तों की तलाश में क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम सोनिया मोड़ स्थित शिव मंदिर के पास पहुंची, जहां अभियुक्तगण भागने की फिराक में खड़े मिले। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार व्यक्तियों ने अपना नाम मुकेश यादव पुत्र लालजी यादव उम्र लगभग 25 वर्ष तथा पुष्पा देवी पत्नी मुकेश यादव उम्र लगभग 22 वर्ष, निवासी ग्राम भगवानपुर थाना दोकटी जनपद बलिया बताया। गिरफ्तारी समय लगभग 06:25 बजे की गई। गिरफ्तारी के दौरान उच्चतम न्यायालय एवं मानवाधिकार आयोग के दिशा निर्देशों का पालन किया गया।

बरामदगी

  • हत्या में प्रयुक्त 01 अदद चाकू

संबंधित अभियोग

मुकदमा अपराध संख्या 22/2026, धारा 103(1), 109, 3(5) बीएनएस, थाना दोकटी जनपद बलिया।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

  • प्रभारी उपनिरीक्षक श्री आशुतोष मध्देशिया, थाना दोकटी
  • कांस्टेबल राजीव कुमार
  • कांस्टेबल धर्मेन्द्र यादव
  • कांस्टेबल रामबाबू गोस्वामी
  • महिला कांस्टेबल कविता चौहान

गिरफ्तार अभियुक्तों को विधिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।