बलिया में परिवार को बंधक बनाकर लाखों की लूट, पुलिस जांच में जुटी

By
Sandeep Srivastava
Sandeep Srivastava serves as a Sub Editor at News Report, a registered Hindi newspaper dedicated to ethical, accurate, and reader-focused journalism. He is responsible for copy...
4 Min Read
लूटपाट के बाद घटनास्थल पर जांच करती बैरिया थाना पुलिस

बलिया: बैरिया थाना क्षेत्र के भीखा छपरा नई बस्ती मुज के डेरा गांव में रविवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने एक परिवार को बंधक बनाकर करीब एक घंटे तक लूटपाट की। घटना में घर की महिलाओं और पुरुषों के साथ मारपीट की गई और लाखों रुपये के आभूषण व कीमती सामान लूट ले गए। सूचना मिलने पर बैरिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार तथा आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। पुलिस ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मोतीलाल गोड़ का घर आबादी से कुछ दूरी पर स्थित है। रविवार की देर रात पांच से छह की संख्या में बदमाश तमंचा चाकू और दाव लेकर चारदीवारी फांदकर घर में घुस गए। सबसे पहले बदमाशों ने कमरे में सो रही पत्नी बंशी देवी को जगाया और पिटाई कर चुप रहने की धमकी दी। इसके बाद बगल के कमरे में सो रही बड़ी बहू बिंदु देवी को जगाकर मारपीट की गई। जब उसने शोर मचाने का प्रयास किया तो बदमाशों ने बेइज्जती करने और पास में सो रहे बेटे की हत्या की धमकी देकर उसे डराया।

बदमाशों ने हथियार के बल पर पूरे घर की तलाशी ली और एक घंटे तक लूटपाट करते रहे। उन्होंने बिंदु देवी बड़ी बहू और छोटी बहू खुश्बू देवी के कमरे में रखे बक्से और अटैची खोलकर सोने चांदी के आभूषण कीमती सामान और बक्से में रखे बर्तन लूट लिए। विरोध करने पर गृहस्वामी मोतीलाल गोड़ उम्र लगभग सत्तर वर्ष के साथ भी बदमाशों ने मारपीट की। घटना के दौरान पूरे परिवार को कमरे में बंद कर दिया गया था जिससे कोई बाहर निकलकर मदद नहीं मांग सका।

बदमाशों के चले जाने के करीब आधे घंटे बाद बिंदु देवी खिड़की के रास्ते किसी तरह बाहर निकली और छत पर चढ़कर शोर मचाया। शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और बाहर से बंद दरवाजा खोलकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना डायल एक सौ बारह पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों से जानकारी लेकर सुबह थाने आने को कहकर लौट गई।

घटना के बाद फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। बंशी देवी की तहरीर पर चोरी और लूट की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है और आसपास के इलाकों में संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। उल्लेखनीय है कि मोतीलाल गोड़ काफी बीमार चल रहे हैं और सोमवार को घर पर बाछी छुने का कार्यक्रम तय था लेकिन घटना से आहत होकर कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग रात की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।

क्षेत्राधिकारी बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि चोरी की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं और पीड़ित परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर खुलासे के लिए पुलिस टीम लगी हुई है।