कानपुर: तिलक नगर में साड़ी कारोबारी ने खुद को मारी गोली, 3 दिन बाद मौत, पारिवारिक विवाद के आरोप

By
Savan Nayak
Savan Nayak is the Bureau Chief for Uttar Pradesh at News Report, a registered Hindi newspaper. He specializes in ground reporting on crime, law and order,...
3 Min Read
कानपुर में साड़ी कारोबारी सनल कपूर ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

तिलक नगर में साड़ी कारोबारी ने खुद को मारी गोली, तीन दिन बाद मौत, पारिवारिक विवाद के आरोप

कानपुर के तिलक नगर क्षेत्र में साड़ी कारोबारी सनल कपूर ने कथित तौर पर अवैध पिस्टल से अपनी कनपटी पर गोली मार ली। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन दिन बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक के साथ-साथ आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है।

देर रात खुद को मारी गोली

जानकारी के अनुसार सिविल लाइंस निवासी 40 वर्षीय सनल कपूर की नयागंज में साड़ी की दुकान थी। मंगलवार देर रात उन्होंने तिलक नगर स्थित इंद्रलोक विला अपार्टमेंट में अपनी कनपटी पर गोली मार ली। घटना की जानकारी एक रिश्तेदार ने परिजनों को दी, जिसके बाद उन्हें तत्काल एलएलआर अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें रीजेंसी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार को उनकी मृत्यु हो गई।

पिता ने बहू पर लगाए आरोप

दिवंगत के पिता सत्य प्रकाश कपूर ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे और बहू के बीच अक्सर विवाद होता था। उन्होंने बताया कि सनल ने वर्ष 2010 में काहू कोठी निवासी प्रियंका से प्रेम विवाह किया था। दंपती की दो बेटियां हैं। आरोप है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच तनाव बना रहता था।

परिवार के अनुसार, विवाद के चलते सनल अपनी पत्नी और बेटियों के साथ तिलक नगर स्थित फ्लैट में रहने लगे थे, जहां भी आए दिन कहासुनी होती थी।

पत्नी ने आरोपों को किया खारिज

वहीं पत्नी प्रियंका ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि दंपती के बीच किसी प्रकार का गंभीर विवाद नहीं था। उन्होंने बताया कि सनल का वर्ष 2022 से डॉ. कलीम अहमद के यहां इलाज चल रहा था और वे मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। इसी कारण वे दुकान पर भी नियमित रूप से नहीं जा पा रहे थे।

प्रियंका का कहना है कि उन्होंने पहले कभी सनल के पास पिस्टल नहीं देखी थी और उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि उनके पास अवैध हथियार है।

पुलिस जांच में जुटी

कोहना थानाध्यक्ष प्रतीक सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अवैध पिस्टल की बरामदगी, उसके स्रोत और घटना के कारणों की जांच कर रही है।

घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। कारोबारी की असामयिक मृत्यु से परिवार और व्यापारिक समुदाय में शोक का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।