मधुबनी में युवक का अधजला शव मिलने से सनसनी, NH 527A जाम कर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
बिहार के मधुबनी जिले के रहिका थाना क्षेत्र के मारड़ गांव में एक युवक का अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 24 वर्षीय राहुल कुमार चौधरी उर्फ स्वीच ऑफ के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या कर साक्ष्य मिटाने का प्रतीत हो रहा है।
नहर किनारे अधजली हालत में मिला शव
जानकारी के अनुसार जगतपुर-माड़र नहर के किनारे एक बाइक के नीचे युवक का अधजला शव मिला। स्थानीय लोगों को जैसे ही घटना की जानकारी हुई, बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। शव की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जलाया गया।
गांव में मचा हड़कंप, सड़क जाम
घटना की सूचना फैलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर एनएच 527ए को जाम कर दिया और हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
सड़क जाम के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने में जुटे रहे।
पुलिस के समझाने पर खुला जाम
काफी देर तक समझाने के बाद रहिका थाना प्रभारी आनंद कुमार कश्यप ने परिजनों से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।
रात में मंदिर परिसर में देखा गया था युवक
स्थानीय लोगों के अनुसार राहुल को रात करीब दो बजे तक दुर्गा मंदिर परिसर में देखा गया था। वहां आयोजित कार्यक्रम के दौरान भी वह मौजूद था। इसके बाद वह नहर तक कैसे पहुंचा, यह पुलिस के लिए जांच का विषय बना हुआ है।
पहले भी हो चुका था हमला
बताया जा रहा है कि कुछ माह पूर्व नाजिरपुर में राहुल को गोली मारी गई थी। उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले भी दर्ज बताए जा रहे हैं। हालांकि इस घटना में परिजनों ने किसी को नामजद नहीं किया है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर वर्चस्व की लड़ाई या आपसी रंजिश को घटना का कारण माना जा रहा है। थानाध्यक्ष आनंद कुमार कश्यप ने बताया कि मृतक का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
LATEST NEWS