वाराणसी में बैट्री चोरी का खुलासा, लालपुर पांडेयपुर पुलिस ने 8 बैट्री के साथ आरोपी को दबोचा
अमित मिश्रा की रिपोर्ट : वाराणसी कमिश्नरेट के वरुणा जोन अंतर्गत थाना लालपुर पांडेयपुर पुलिस ने चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 8 बैट्री बरामद की हैं। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत की गई।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 29 मार्च 2026 को करीब 1:10 बजे आवास विकास कॉलोनी क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अनिल कुमार पांडेय पुत्र स्वर्गीय नामवर पांडेय, निवासी ग्राम कटेहरा पोस्ट केशवपुर थाना अलीनगर जनपद चंदौली, उम्र लगभग 25 वर्ष के रूप में हुई है।
दुकान से हुई थी बैट्री चोरी
घटना 27 मार्च 2026 की है, जब मकबूल आलम रोड स्थित एक दुकान से अज्ञात चोर द्वारा बैट्री चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में दुकानदार द्वारा थाना लालपुर पांडेयपुर में लिखित तहरीर दी गई थी, जिसके आधार पर मुकदमा संख्या 0090/2026 धारा 305(a), 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच उपनिरीक्षक कोमल कुमार द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपी तक पहुंचना संभव हुआ।
8 बैट्री बरामद, आगे की कार्रवाई जारी
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी की गई कुल 8 बैट्री बरामद की गई हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
पुलिस टीम का सराहनीय कार्य
इस सफल कार्रवाई में थाना लालपुर पांडेयपुर की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने किया। उनके साथ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र वर्मा, उपनिरीक्षक कोमल कुमार, कांस्टेबल लक्ष्मीकांत यादव और कांस्टेबल सूरज तिवारी शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में चोरी, लूट और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों में डर और आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है।
LATEST NEWS