अयोध्या: मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन जन्मस्थली अयोध्या आज रविवार की शाम अभूतपूर्व दिव्यता, भक्ति और अद्वितीय आलोक से जगमगा उठी। दीपोत्सव-2025 के शुभारंभ के साथ पूरी रामनगरी मानो प्रकाश के सागर में डूब गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरयू तट पर विधिविधान से मां सरयू की आरती कर नौवें दीपोत्सव संस्करण का शुभारंभ किया, जिसके बाद पूरे तट पर उठती आरती की लौ, गूंजते मंत्र, सरयू की लहरों पर तैरती रोशनी और आसमान को छूती श्रद्धा का दृश्य हर श्रद्धालु के लिए अविस्मरणीय क्षण बन गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आरती उपरांत अपने संबोधन में कहा कि “रामभक्तों के लहू से लथपथ की गई यह अयोध्या आज दीपों के सागर में नहा रही है। यही नए भारत की पहचान है। जहां आस्था भी है, अस्मिता भी है और विकास भी।” मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों तक जिन्हें राम और अयोध्या की विरासत का उपहास करने की आदत थी, आज वही लोग इस दिव्य आलोक को देख असहज हैं, क्योंकि यह उजाला उस आस्था की विजय का प्रतीक है जिसे दबाने की कोशिश कभी सफल नहीं हो सकी।
सरयू पूजा के बाद रामकथा पार्क पहुंचकर मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से मोबाइल फ्लैशलाइट जलाकर “जय श्रीराम” का उद्घोष करने का आग्रह किया। क्षण भर में लाखों रोशनी और ‘जय श्रीराम’ की गर्जना ने वातावरण ऐसा बनाया कि धरती से आकाश तक एक ही नाम की अनुगूंज सुनाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपोत्सव आज उत्तर प्रदेश की नई पहचान है, और यह उत्सव सरकार नहीं, जनभागीदारी की शक्ति से वैश्विक मंचों पर चमक रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि डबल इंजन सरकार ने अयोध्या को अपमान और उपेक्षा के इतिहास से मुक्त कराया। उन्होंने प्रजापति और कुम्हार समाज के श्रम को विशेष रूप से नमन करते हुए कहा कि इस वर्ष जलाए गए लाखों दीप न केवल परंपरा बल्कि स्थानीय परिवारों के रोजगार के संवाहक भी बने। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “रामभक्तों पर गोलियां चलवाने वाले, अयोध्या को लहूलुहान करने वाले और दीपोत्सव से दूरी बनाकर सैफई की महफिलों व कब्रिस्तानों की बाउंड्री पर करोड़ों खर्च करने वाले लोग आज इस उजाले को कैसे सह पाएंगे? यह दीपोत्सव उन्हें चुभता है, क्योंकि यह उत्सव रामनगरी की आत्मा और अस्मिता का प्रकाश है।”
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि रामलला का भव्य मंदिर एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना का सशक्त प्रतीक है, और अगर भारत एकजुट रहेगा तो न आस्था का अपमान हो सकेगा और न विकास का मार्ग रुक पाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार बिना रुके और बिना झुके विकास यात्राओं को आगे बढ़ाती रहेगी।
इस बीच दीपोत्सव-2025 ने एक बार फिर इतिहास रच दिया। जैसे ही निर्धारित समय पर 26,17,215 दीप सरयू तट से लेकर राम की पैड़ी, घाटों, मुख्य सड़कों, चौक-चौराहों और मंदिरों पर एक साथ प्रज्वलित हुए, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों ने इसे दुनिया का सबसे बड़े पैमाने पर एक ही स्थान पर किए गए दीप प्रज्ज्वलन का विश्व कीर्तिमान घोषित कर दिया। घोषणा होते ही पूरा अयोध्या क्षणभर को रुककर फिर उसी शक्ति से गूंज उठा, “जय श्रीराम… जय श्रीराम…”
यह रिकॉर्ड बनाने में राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, उसके महाविद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं, साधु-संतों, जनप्रतिनिधियों, हजारों शिक्षकों-छात्रों, प्रशासन, पुलिस, पर्यटन-संस्कृति व सूचना विभाग सहित अनेक इकाइयों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सरयू की लहरों से परावर्तित दीपों की विशाल श्रृंखलाओं ने मानो यह संदेश दिया कि जब एक उद्देश्य, एक आस्था और एक संकल्प के साथ समाज खड़ा होता है, तब विश्व भी उसका साक्षी बनता है।
गिनीज रिकॉर्ड की आधिकारिक घोषणा के क्षणों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भावुक और संतुष्ट चेहरा समारोह की सबसे सशक्त छवि बन गया। पर्यटन-संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने प्रमाणपत्र मुख्यमंत्री को भेंट किया, जिसे उन्होंने दोनों हाथ ऊपर उठाकर जनता और रामभक्तों को समर्पित किया। इस पल पर उपस्थित लाखों श्रद्धालुओं की आंखें गर्व, श्रद्धा और उत्साह से चमक उठीं।
अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समस्त प्रदेशवासियों को दीपोत्सव और दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अयोध्या का यह प्रकाश, एकता, विश्वास और राष्ट्र-चेतना का संदेश पूरी दुनिया को रोशन करता रहेगा।
अयोध्या: दीपोत्सव 2025 में सरयू तट पर 26 लाख दीपों से जगमगाई रामनगरी, बना विश्व रिकॉर्ड

अयोध्या में दीपोत्सव-2025 का भव्य शुभारंभ हुआ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरयू आरती कर नए भारत की पहचान बताई।
Category: uttar pradesh ayodhya festival
LATEST NEWS
-
विधायक सौरभ श्रीवास्तव के सानिध्य में भव्यता और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया भाजपा नेता रितेश पाल का जन्मदिन
रामनगर में भाजपा नेता रितेश पाल का जन्मदिन कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव की उपस्थिति में भव्यता से मनाया गया।
BY : SANDEEP KR SRIVASTAVA | 12 Jan 2026, 10:23 PM
-
वाराणसी: मकर संक्रांति पूर्व संध्या पर गंगा किनारे पतंगबाजी, मेयर ने कमिश्नर को हराया
वाराणसी में मकर संक्रांति की पूर्व संध्या पर गंगा किनारे भव्य पतंग प्रतियोगिता हुई जिसमें मेयर ने नगर आयुक्त को हराया।
BY : SANDEEP KR SRIVASTAVA | 12 Jan 2026, 10:18 PM
-
वाराणसी: कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने रामनगर में 5.94 लाख की दो सड़कों का किया शिलान्यास
कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने रामनगर में 5.94 लाख की लागत से दो इंटरलॉकिंग मार्गों का शिलान्यास किया, जिससे क्षेत्र में विकास की गति तेज होगी।
BY : SANDEEP KR SRIVASTAVA | 12 Jan 2026, 08:12 PM
-
वाराणसी: राष्ट्रीय युवा दिवस पर स्वामी विवेकानंद को दी गई श्रद्धांजलि, विधायक सौरभ ने किया माल्यार्पण
राष्ट्रीय युवा दिवस पर वाराणसी में स्वामी विवेकानंद की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई, विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
BY : SANDEEP KR SRIVASTAVA | 12 Jan 2026, 08:08 PM
-
वाराणसी: रामनगर/शौचालयों का अभाव बना अभिशाप, महिलाएं और दुकानदार परेशान, नगर निगम काट रहा चालान
ऐतिहासिक रामनगर में सार्वजनिक शौचालयों के अभाव से महिलाएं शर्मसार और नागरिक परेशान हैं, नगर निगम चालान काट रहा।
BY : SANDEEP KR SRIVASTAVA | 12 Jan 2026, 01:21 PM