काशी भ्रमण के बाद होटल के कमरे में भाई बहन ने दी जान, हैदराबाद से आए थे दोनों
विश्वनाथ मंदिर के दर्शन के बाद सिगरा स्थित होटल में मिला शव
वाराणसी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है जहां हैदराबाद से काशी भ्रमण के लिए आए भाई बहन ने होटल के कमरे में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना सिगरा थाना क्षेत्र के परेड कोठी इलाके स्थित होटल सिटी इन की है। मंगलवार दोपहर बाद जब कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला तो होटल स्टाफ को शक हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मास्टर चाबी से दरवाजा खुलवाया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए।
चेकआउट के समय नहीं मिला जवाब तो बढ़ी चिंता
होटल प्रबंधन के अनुसार युवक सुब्बा अपनी बहन के साथ आठ फरवरी को वाराणसी पहुंचा था। दोनों ने चार दिन के लिए कमरा बुक कराया था और रूम नंबर 2005 में ठहरे हुए थे। आधार कार्ड में उनका पता सिंकदराबाद हैदराबाद दर्ज था। हालांकि प्राथमिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि वे पिछले करीब बारह वर्षों से उस पते पर नहीं रह रहे थे। मंगलवार को दोपहर करीब बारह बजे चेकआउट का समय था। होटल कर्मचारियों ने पहले कमरे के एक्सटेंशन नंबर पर कॉल किया और फिर युवक के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा खटखटाया गया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर होटल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मास्टर चाबी से खोला गया कमरा, जमीन पर पड़े मिले शव
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मास्टर चाबी से कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर दोनों भाई बहन के शव जमीन पर पड़े हुए थे। उनके मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे प्रथम दृष्टया जहर खाने की आशंका जताई जा रही है। पास रखे एक स्टूल पर जहरीली दवाइयां और पानी मिला। कमरे का बेड व्यवस्थित था जबकि दोनों ने जमीन पर बिस्तर लगाकर सोने की व्यवस्था की थी। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तत्काल फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने कमरे से फिंगर प्रिंट सहित अन्य साक्ष्य एकत्र किए। होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना से पहले किसी बाहरी व्यक्ति की आवाजाही तो नहीं हुई।
दर्शन पूजन के लिए आए थे काशी
होटल के मैनेजर आसिफ ने बताया कि दोनों काशी दर्शन और भ्रमण के उद्देश्य से आए थे। यहां रहने के दौरान उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन भी किए। उनके व्यवहार में किसी प्रकार की असामान्यता की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। स्टाफ के अनुसार वे सामान्य रूप से आ जा रहे थे और किसी विवाद या तनाव की स्थिति की जानकारी नहीं थी।
डीसीपी काशी ने दी जानकारी
डीसीपी काशी गौरव बंसवाल ने बताया कि होटल मैनेजर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर संदेह हुआ कि अंदर कोई घटना हो सकती है। दरवाजा खोलने पर एक महिला और एक पुरुष का शव मिला। दोनों के आधार कार्ड पर हैदराबाद का पता दर्ज है और पिता का नाम समान है, जिससे स्पष्ट है कि वे भाई बहन हैं। परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।
पोस्टमार्टम और जांच जारी
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सटीक कारण की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। मोबाइल फोन और अन्य निजी सामान को कब्जे में लेकर तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। यह घटना कई सवाल छोड़ गई है कि आखिर काशी दर्शन के लिए आए इन भाई बहन ने ऐसा कदम क्यों उठाया। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
