ऑपरेशन प्रहार के तहत प्रतापगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25 किलो गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
प्रतापगढ़, रानीगंज | 18 मार्च 2026
प्रतापगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। रानीगंज थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 25 किलो गांजा, एक कार और नकदी के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
संयुक्त टीम की कार्रवाई
रानीगंज पुलिस और एएनटीएफ (मेरठ व प्रयागराज) की टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक प्रभात कुमार सिंह, उपनिरीक्षक गिरजा प्रसाद सिंह, एएनटीएफ मेरठ के कांस्टेबल रोहित व कपिल रावत तथा एएनटीएफ प्रयागराज यूनिट के उपनिरीक्षक मनीष कुमार सिंह की टीम ने संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की, जिसमें यह सफलता मिली।
ओडिशा से लाकर NCR में करते थे सप्लाई
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी ओडिशा से गांजा खरीदकर उसे एनसीआर क्षेत्र में सप्लाई करते थे। दोनों आरोपी अर्टिगा कार के माध्यम से गांजा की तस्करी करते थे और लंबे समय से इस अवैध कारोबार में लिप्त थे।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस ने रोहित कुमार गौतम पुत्र राजकुमार निवासी अंतपुर मानधाता (हाल पता जेजे कॉलोनी बवाना, पूर्वी दिल्ली) और मेहराज पुत्र इरशाद निवासी गोहटिया खुर्द कला, थाना जैथरा, जनपद एटा (हाल पता दल्लूपुरा, थाना अशोक नगर, दिल्ली) को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पूछताछ में रोहित कुमार ने बताया कि वह दिल्ली में कार किराए पर चलाता था और इसी दौरान उसकी पहचान गांजा तस्करों से हुई। इसके बाद वह इस गिरोह में शामिल हो गया। दोनों आरोपी 12 मार्च को ओडिशा जाकर गांजा खरीदकर लाए थे।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2023 में भी इन्हें इसी कार के साथ मैनपुरी जिले में गांजा तस्करी के आरोप में पकड़ा जा चुका है। वहीं, दूसरे आरोपी मेहराज ने बताया कि वह पिछले सात वर्षों से दिल्ली में रहकर कबाड़ी का काम करता था और इसी दौरान इस अवैध नेटवर्क से जुड़ गया।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 25 किलो गांजा, एक अर्टिगा कार और नकदी बरामद की है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश
सीओ रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस इस नेटवर्क की पूरी कड़ी को खंगालने में जुटी है ताकि नशीले पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
LATEST NEWS