जनपद सोनभद्र के थाना अनपरा क्षेत्र में साइबर अपराध के एक गंभीर मामले में पुलिस की तत्परता और तकनीकी दक्षता से पीड़ित को बड़ी राहत मिली है। थाना अनपरा की साइबर टीम ने साइबर फ्राड का शिकार हुए एक व्यक्ति की 3,82,300 रुपये की धनराशि उसके मूल बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस कराई है। इस कार्रवाई से साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की सक्रिय भूमिका एक बार फिर सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक मोहित दूबे पुत्र सतीश कुमार दूबे निवासी केराकत जनपद जौनपुर हाल पता औरी मोड़ के साथ जनवरी 2024 में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा साइबर ठगी की गई थी। साइबर ठगों ने टेलीग्राम एप के माध्यम से पैसा दोगुना करने का लालच देकर कुल 16 बार में 18,63,966 रुपये की ठगी को अंजाम दिया। पीड़ित द्वारा समय रहते साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई गई थी।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा द्वारा साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में इस प्रकरण को गंभीरता से लिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री अनिल कुमार के निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक थाना अनपरा श्री बृजेश सिंह के नेतृत्व में थाना अनपरा की साइबर टीम ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान एनसीआरपी पोर्टल का गहन अवलोकन किया गया और संबंधित खातों की जानकारी जुटाई गई।
जांच में यह सामने आया कि पीड़ित की ठगी गई धनराशि में से 4,58,882 रुपये विभिन्न बैंक खातों में मौजूद हैं। साइबर टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त धनराशि को संबंधित खातों में होल्ड कराया गया। आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर संबंधित बैंक शाखाओं से ई मेल के माध्यम से पत्राचार किया गया। इसके परिणामस्वरूप होल्ड की गई धनराशि में से 3,82,300 रुपये को आवेदक के मूल बैंक खाते में वापस कराया गया।
पुलिस द्वारा बताया गया कि शेष होल्ड धनराशि को भी पीड़ित के खाते में वापस कराने के लिए संबंधित बैंकों से लगातार पत्राचार किया जा रहा है। प्रक्रिया पूर्ण होते ही शेष राशि भी आवेदक को वापस कराई जाएगी। इस सफल कार्रवाई के बाद पीड़ित मोहित दूबे ने थाना अनपरा की साइबर टीम की खुले मन से प्रशंसा की और पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
धनराशि वापस कराने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना अनपरा श्री बृजेश सिंह तथा साइबर हेल्प डेस्क पर तैनात हेड कांस्टेबल आनंद मोहन बिंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अपनी व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी अनजान लिंक क्यूआर कोड या संदिग्ध संदेश पर क्लिक करने से बचें।
पुलिस ने यह भी कहा कि साइबर अपराध की किसी भी घटना की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें या नजदीकी थाना अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि को सुरक्षित किया जा सके।
