वाराणसी पुलिस की CP संवाद हेल्पलाइन से शिकायतों में 25% कमी, जनता को त्वरित राहत

By
Savan Nayak
Savan Nayak
Savan Nayak is the Bureau Chief for Uttar Pradesh at News Report, a registered Hindi newspaper. He specializes in ground reporting on crime, law and order,...
- Savan Nayak
4 Min Read
CP संवाद हेल्पलाइन से वाराणसी में शिकायतों का त्वरित समाधान

वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शुरू की गई CP संवाद हेल्पलाइन आम जनता के लिए शिकायत दर्ज कराने का एक प्रभावी और भरोसेमंद माध्यम बनकर उभरी है। पुलिस आयुक्त कार्यालय की जनसुनवाई और CP संवाद हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त आंकड़े यह दर्शाते हैं कि इस पहल से न केवल शिकायतों का त्वरित निस्तारण संभव हुआ है, बल्कि शिकायतों की संख्या में भी उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।

वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की संवाद हेल्पलाइन

पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार विगत माह दिसंबर में कुल 2150 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। वहीं CP संवाद हेल्पलाइन नंबर 9670705555 जारी होने के पश्चात माह जनवरी में यह संख्या घटकर 1612 रह गई। इस प्रकार दिसंबर की तुलना में जनवरी माह में शिकायतों में लगभग 25 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। इसका मुख्य कारण यह है कि अब आम नागरिक घर बैठे ही हेल्पलाइन के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा पा रहे हैं और उन्हें त्वरित समाधान भी मिल रहा है।

CP संवाद हेल्पलाइन नंबर 9670705555

प्राप्त शिकायतों में से लगभग 65 प्रतिशत मामलों, यानी करीब 300 शिकायतों का निस्तारण 24 घंटे के भीतर कर दिया गया। CP संवाद के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई के बाद संबंधित आवेदकों से फीडबैक भी लिया गया, जिसमें 460 शिकायतकर्ताओं में से 368, यानी लगभग 80 प्रतिशत लोग संतुष्ट पाए गए। यह आंकड़े पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही को दर्शाते हैं।

संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश

CP संवाद के माध्यम से प्राप्त सभी शिकायतों को शत प्रतिशत कंप्यूटरीकृत किया जा रहा है, जिससे अधिकतर मामलों को संबंधित थानों से चिन्हित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जिन प्रकरणों में थाना स्तर पर कार्रवाई नहीं हो सकी, उन मामलों की जांच उच्चाधिकारियों द्वारा की जा रही है और शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

CP संवाद हेल्पलाइन पर प्राप्त सूचनाओं के आधार पर वाराणसी पुलिस द्वारा कई बड़ी और प्रभावी कार्रवाइयां की गईं। जुआ से संबंधित मामलों में 40 अभियोग पंजीकृत कर 202 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से 2,67,126 रुपये बरामद हुए। अवैध शराब के मामलों में 46 अभियोग दर्ज कर 56 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया और लगभग 618 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।

6 अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

अवैध शस्त्र मामलों में 06 अभियोग दर्ज कर 06 अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए हथियार और कारतूस बरामद किए गए। नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों में 08 अभियोग पंजीकृत कर 09 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 44.5 ग्राम हेरोइन, 132 एम्पुल नशीली दवाएं और 6.148 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा चाइनीज मांझा से जुड़े मामलों में 15 अभियोग दर्ज कर 17 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया और लगभग 335 किलोग्राम चाइनीज मांझा जब्त किया गया।

गौवध से संबंधित मामलों में 05 अभियोग पंजीकृत कर 10 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई और 53 गोवंश को मुक्त कराया गया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर सैकड़ों वाहनों का चालान और कई वाहनों को सीज किया गया। अवैध स्टैंडों पर कार्रवाई करते हुए 04 अवैध स्टैंड हटवाए गए और 44 वाहन सीज किए गए।

पुलिस आयुक्त वाराणसी ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या भ्रष्टाचार की सूचना CP संवाद हेल्पलाइन नंबर 9670705555 पर निर्भीक होकर दें। सूचना देने वाले शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। पुलिस का कहना है कि जनसहयोग से ही एक सुरक्षित, भ्रष्टाचार मुक्त और कानून व्यवस्था से सुदृढ़ वाराणसी का निर्माण संभव है।

Savan Nayak
Follow:
Savan Nayak is the Bureau Chief for Uttar Pradesh at News Report, a registered Hindi newspaper. He specializes in ground reporting on crime, law and order, public administration, and social issues. With a strong focus on factual accuracy and public interest journalism, he contributes investigative and field-based stories from across Uttar Pradesh.