News Report
TRUTH BEHIND THE NEWS

वाराणसी: विहंगम योग संत समाज का 102वां वार्षिकोत्सव, डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने किया महायज्ञ

वाराणसी: विहंगम योग संत समाज का 102वां वार्षिकोत्सव, डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने किया महायज्ञ

वाराणसी में विहंगम योग संत समाज के 102वें वार्षिकोत्सव के दूसरे दिन डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने 25 हजार कुंडीय स्वर्वेद ज्ञान महायज्ञ में आहुति दी।

वाराणसी: विहंगम योग संत समाज के 102वें वार्षिकोत्सव का दूसरा दिन भव्य आध्यात्मिक माहौल में संपन्न हुआ। बुधवार को सदाफल देव रचित स्वर्वेद तीर्थ हवन से पूरा परिसर धूप और वैदिक मंत्रों की सुगंध से महक उठा। देश और विदेश से आए करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने 25 हजार कुंडीय स्वर्वेद ज्ञान महायज्ञ में भाग लिया और लगभग 200 टन वैदिक सामग्री के साथ आहुति देकर लोक कल्याण और विश्व शांति की कामना की।

कार्यक्रम का आयोजन करीब 200 एकड़ में फैले विस्तृत परिसर में किया गया है। इनमें से 40 एकड़ भूमि पर 25 हजार हवन कुंड बनाए गए हैं जिन्हें 108 ब्लाकों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक ब्लाक को प्राचीन ऋषि और महर्षियों के नाम समर्पित किया गया है। विशाल परिसर में सुबह से ही वैदिक ध्वनियां गूंजती रहीं और यज्ञ की अग्नि के साथ श्रद्धालुओं की आस्था एक साथ प्रज्ज्वलित होती दिखी।

यज्ञ में आहूति के लिए राजस्थान के गो धाम तीर्थ पथमेड़ा से मंगाए गए भारतीय वेद लक्षणा नस्ल की गाय के शुद्ध बिलोना घी का इस्तेमाल किया गया। इसके साथ ही गो पदार्थ, प्राकृतिक जड़ी बूटियां, सुगंधित द्रव्य, दुर्लभ रोगनाशक औषधियां, मिष्ठान और पवित्र लकड़ियां शामिल रहीं। यज्ञ के दौरान स्वर्वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से भरा रहा।

वार्षिकोत्सव के पहले दिन मंगलवार को ध्वज रोहण के साथ अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ था। इसके बाद सद्गुरु सदाफल देव महाराज रचित स्वर्वेद महाग्रंथ का संगीतमय पाठ प्रारंभ हुआ और संत प्रवर विज्ञान देव महाराज की वाणी से समारोह का वातावरण और अधिक आध्यात्मिक हो उठा।

कार्यक्रम के दौरान शाम को समर्पण दीप अध्यात्म महोत्सव आयोजित किया जाएगा। संविधान दिवस के अवसर पर स्वर्वेद महामंदिर धाम में एक लाख समर्पण दीप जलाए जाने की तैयारी है। आयोजकों का कहना है कि यह महोत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि देश और विश्व में सद्भाव, शांति और आध्यात्मिक जागरण का संदेश देने वाला ऐतिहासिक आयोजन है।

FOLLOW WHATSAPP CHANNEL
News Report Youtube Channel

LATEST NEWS