दिनांक 09.02.2026 को सोशल मीडिया पर विंध्याचल मंदिर परिसर का एक वीडियो संज्ञान में आया, जिसमें एक पुलिसकर्मी द्वारा एक दिव्यांग व्यक्ति के साथ लाठी से मारपीट किए जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है। वीडियो के संज्ञान में आने के पश्चात तत्काल मामले की जांच कराई गई।
थानाध्यक्ष विंध्याचल द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में अवगत कराया गया कि यह घटना विंध्याचल मंदिर परिसर के गेट नंबर 02 की है। संबंधित व्यक्ति, जो भिखारी बताया गया है, मंदिर परिसर में आने जाने वाले दर्शनार्थियों से जबरन धन मांग रहा था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि उक्त व्यक्ति नशे की हालत में था।
दर्शनार्थियों द्वारा इस व्यवहार की शिकायत मौके पर शांति व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मी से की गई थी। शिकायत के बाद पुलिसकर्मियों द्वारा संबंधित भिखारी को मंदिर परिसर से हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह व्यक्ति पुलिस के समझाने पर भी परिसर छोड़ने को तैयार नहीं हुआ। इसी दौरान पुलिसकर्मी द्वारा बल प्रयोग किए जाने की बात सामने आई है, जो वीडियो में भी परिलक्षित हो रही है।
प्रकरण को प्रारंभिक तौर पर पुलिस दुर्व्यवहार का मामला मानते हुए संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की गई है। इस घटना में संलिप्त उप निरीक्षक सुनील कुमार राय को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।
इसके साथ ही मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्राधिकारी नगर को निर्देशित किया गया है कि वे संपूर्ण प्रकरण की जांच कर 03 दिवस के भीतर अपनी जांच आख्या प्रस्तुत करें। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के नाम पर किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार या बल प्रयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मी के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी
