कपूरथला में अवैध हथियारों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार पिस्टल व कारतूस सहित तीन गिरफ्तार
विशेष अभियान के तहत सुल्तानपुर लोधी पुलिस की कार्रवाई, विदेशी ब्रांड की पिस्टल भी बरामद
कपूरथला। पंजाब में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सुल्तानपुर लोधी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चार पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद हथियारों में विदेशी ब्रांड की पिस्टल भी शामिल होने से मामले ने क्षेत्र में विशेष चर्चा का विषय बना दिया है।
डीएसपी हरगुरदेव सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि कपूरथला पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 15 फरवरी को पुलिस चौकी मोठांवाला के इंचार्ज एएसआई लखविंदरपाल सिंह अपनी टीम के साथ डडविंडी बस स्टैंड के पास गश्त कर रहे थे।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गांव तलवंडी पाई निवासी विशाल पुत्र बग्गागा सिंह के पास अवैध हथियार हैं और उसके कुछ असामाजिक तत्वों से संबंध हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना सुल्तानपुर लोधी में आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 और 59 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विशाल को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो अवैध पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में हुआ खुलासा
प्रारंभिक पूछताछ में विशाल ने खुलासा किया कि उसने ये हथियार करीब एक माह पूर्व मनप्रीत सिंह उर्फ मापी निवासी गांव पम्मन से लगभग तीन लाख रुपये में खरीदे थे। इस खुलासे के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और मनप्रीत सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया।
मनप्रीत के कब्जे से एक बरेटा .30 बोर विदेशी पिस्टल और एक अन्य खुली पिस्तौल बरामद की गई। बरामदगी के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई।
तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार
जांच के दौरान अमनदीप सिंह उर्फ अमन को भी मामले में नामजद किया गया। उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
रिमांड के दौरान हथियारों की सप्लाई चेन, संभावित खरीदारों और अन्य आपराधिक कनेक्शन की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद हथियारों का उपयोग किसी आपराधिक वारदात में तो नहीं किया जाना था।
डीएसपी ने कहा कि जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
LATEST NEWS