प्रयागराज में आभूषण कारोबारी से लूट का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई रिवाल्वर बरामद
प्रयागराज के मांडा थाना क्षेत्र में चकडीहा पंचायत भवन के पास सप्ताह भर पहले आभूषण कारोबारी से हुई लूट की घटना का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद की है। उसके पास से एक तमंचा और कारतूस भी मिला है। मामले में दो अन्य आरोपितों के नाम सामने आए हैं, जिनमें एक न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुका है, जबकि तीसरा अभी फरार है।
24 फरवरी की देर शाम हुई थी वारदात
नई बाजार भारतगंज निवासी प्रदीप सोनी आभूषण व्यवसायी हैं। 24 फरवरी की देर शाम दुकान बंद कर घर लौटते समय चकडीहा पंचायत भवन के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बट से हमला कर उनसे लूट की घटना को अंजाम दिया था।
प्रदीप के भाई रंजीत कुमार सोनी ने मांडा थाने में तहरीर दी थी कि बदमाश उनके भाई के बैग में रखे करीब 200 ग्राम सोना, पांच किलो चांदी, एक लाख रुपये नकद और लाइसेंसी रिवाल्वर लूट ले गए हैं।
जंगल के पास से आरोपी गिरफ्तार
मांडा पुलिस ने सोमवार देर रात हाटा-गिरधरपुर मार्ग स्थित जंगल के पास से अंकित गौतम निवासी कटरा कोड़हार, नवाबगंज को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से लूटी गई रिवाल्वर बरामद की गई है।
पूछताछ में अंकित ने अपने साथियों के रूप में अंशु दुबे निवासी कसारी कौड़िहार, अटरमपुर, नवाबगंज और छैला बाबू सरोज निवासी बरैज श्रृंग्वेरपुर, नवाबगंज का नाम लिया।
एक आरोपी ने किया आत्मसमर्पण
पुलिस के अनुसार अंशु दुबे ने घटना के दूसरे दिन ही न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि तीसरा आरोपी छैला बाबू सरोज फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द गिरफ्तारी न होने की स्थिति में उस पर इनाम घोषित किया जाएगा।
फरवरी में ही जेल से छूटे थे तीनों
जांच में यह भी सामने आया कि तीनों आरोपित पिछले वर्ष नवाबगंज क्षेत्र में लूट की एक घटना में जेल जा चुके हैं। वे कई माह तक जेल में रहे और हाल ही में फरवरी में जमानत पर रिहा हुए थे।
लूट की कहानी में आया नया मोड़
मुकदमा दर्ज होने के बाद जब पुलिस ने गहन छानबीन की तो पाया कि सोने-चांदी के आभूषण और नकदी दुकान में ही सुरक्षित रखे थे। बदमाशों ने केवल लाइसेंसी रिवाल्वर लूटी थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि प्रारंभिक सूचना में आभूषण और नकदी लूटे जाने की बात क्यों कही गई थी।
मामले के खुलासे के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे प्रकरण का विधिक निस्तारण किया जाएगा।
LATEST NEWS