लखनऊ: लाठीचार्ज कांड के बाद पीड़ित परिवार से मिले मुख्यमंत्री योगी, हर संभव मदद और न्याय का दिया आश्वासन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजीपुर लाठीचार्ज में मृत भाजपा कार्यकर्ता सियाराम उपाध्याय के परिजनों से मिलकर न्याय, सरकारी नौकरी व सहायता का आश्वासन दिया।

Mon, 15 Sep 2025 19:26:37 - By : SANDEEP KR SRIVASTAVA

लखनऊ: गाजीपुर जिले के नोनहरा थाना क्षेत्र में हुए लाठीचार्ज कांड में मृत भाजपा कार्यकर्ता सियाराम उपाध्याय के परिजन सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर मिले। इस मुलाकात में परिवार ने अपनी व्यथा विस्तार से रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने पूरी संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए न्याय और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

परिजनों के साथ विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) विशाल सिंह चंचल भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि मृतक सियाराम उपाध्याय के पिता गिरजा उपाध्याय और बड़े भाई शशिकांत उपाध्याय मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे थे। करीब पंद्रह मिनट चली इस मुलाकात में परिवार ने मुख्यमंत्री को नोनहरा लाठीचार्ज प्रकरण के सभी पहलुओं से अवगत कराया।

मुख्यमंत्री योगी ने परिजनों की बात गंभीरता से सुनी और उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मामले की एसआईटी और मजिस्ट्रेटियल जांच चल रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने परिजनों को यह भी आश्वासन दिया कि परिवार की आजीविका प्रभावित न हो, इसके लिए मृतक के निकट परिजन को सरकारी नौकरी दी जाएगी। इसके अलावा, आर्थिक और प्रशासनिक स्तर पर भी तत्काल सहायता प्रदान करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, मृतक के बड़े भाई शशिकांत उपाध्याय को नौकरी दिए जाने की प्रक्रिया सुनिश्चित कर दी गई है।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मृतक भाजपा कार्यकर्ता के भाई शशिकांत उपाध्याय ने मीडिया से कहा, "मुख्यमंत्री ने हमें पूरा भरोसा दिलाया है कि दोषियों को सख्त सजा मिलेगी। उन्होंने कहा कि हमारे साथ अन्याय नहीं होगा। मुख्यमंत्री हमारे लिए अभिभावक समान हैं और उनसे मिलने के बाद हमें काफी राहत और विश्वास मिला है कि सरकार न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।"
एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए गंभीर है और हर स्तर पर सहयोग करेगी।

गौरतलब है कि गाजीपुर जिले के नोनहरा क्षेत्र में हाल ही में हुए लाठीचार्ज की घटना ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता सियाराम उपाध्याय की मौत हो गई थी, जिसके बाद स्थानीय स्तर पर आक्रोश और प्रदर्शन देखने को मिला। अब मुख्यमंत्री से हुई इस मुलाकात और मिले आश्वासनों के बाद परिवार को न्याय की उम्मीद जगी है।

राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने PMO में की शिकायत, अवैध हथियारों व जान से मारने की धमकी का लगाया आरोप

वाराणसी: मंडलीय उद्योग बंधु बैठक में औद्योगिक विकास कार्यों की समीक्षा, समाधान के मंडलायुक्त ने दिए निर्देश

लखनऊ: लाठीचार्ज कांड के बाद पीड़ित परिवार से मिले मुख्यमंत्री योगी, हर संभव मदद और न्याय का दिया आश्वासन

वाराणसी: रामनगर बलुआ घाट पर सेवा पखवाड़ा स्वच्छता अभियान, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया श्रमदान

चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता, 1.40 करोड़ की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार