काशी टोल प्लाजा पर किसानों का प्रदर्शन, कर्मचारी से मारपीट व फर्जी पहचान का आरोप

काशी टोल प्लाजा पर किसान यूनियन ने कर्मचारी से मारपीट व फर्जी पहचान के आरोप में प्रदर्शन किया, जिससे एक्सप्रेसवे पर जाम लग गया।

Thu, 04 Dec 2025 14:27:10 - By : Tanishka upadhyay

काशी टोल प्लाजा पर बुधवार देर रात उस समय भारी हंगामा मच गया जब भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिला उपाध्यक्ष शनि सिसौला के साथ टोल कर्मचारियों की कहासुनी मारपीट के विवाद में बदल गई। शनि अपने परिवार के साथ दिल्ली से लौट रहे थे। उनका कहना है कि फास्टैग मैसेज दिखाने और अपना पहचान पत्र प्रस्तुत करने के बावजूद टोल कर्मचारियों ने उनके कार्ड को फर्जी बताया और परिवार के साथ अभद्रता की। इस दौरान मौजूद महिलाओं और बच्चों के साथ भी गलत व्यवहार किए जाने का आरोप है।

स्थिति बिगड़ने पर शनि सिसौला अपने परिवार को लेकर वहां से चले गए, लेकिन घटना की जानकारी भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी को दी। गुरुवार सुबह अनुराग चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों किसान टोल प्लाजा पहुंच गए और जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों ने टोल की लेन नंबर 8, 9 और 10 को पूरी तरह से फ्री करा दिया, जिससे एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया।

किसानों ने टोल प्लाजा पर बैठकर हुक्का पीते हुए प्रदर्शन जारी रखा। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने आरोप लगाया कि प्लाजा पर तैनात एक कर्मचारी सनमुन खान फर्जी नाम सुमित राणा के नाम से नौकरी कर रहा था। जब किसानों ने उसकी पहचान और दस्तावेज मांगे, तो वह गोलमोल जवाब देने लगा और कागज मांगने पर उसकी असली पहचान सामने आ गई।

किसानों का कहना है कि कर्मचारी न केवल फर्जी पहचान के आधार पर नौकरी कर रहा था, बल्कि किसान नेताओं के साथ अभद्रता भी कर रहा था। इसी दौरान उत्तराखंड पुलिस के कर्मचारी अजीत नेगी ने भी टोल कर्मचारियों पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। उनका कहना है कि पुलिस पहचान पत्र दिखाने के बाद भी कर्मचारियों ने कहा कि यहां केवल यूपी पुलिस का कार्ड मान्य है।

स्थानीय लोगों के अनुसार काशी टोल प्लाजा पर पहले भी जबरन वसूली, अभद्रता और मारपीट जैसी घटनाएं होती रही हैं। कुछ समय पहले यहां तैनात बाउंसरों की पिटाई भी हुई थी। किसानों का कहना है कि टोल प्रबंधन लगातार शिकायतों को अनदेखा करता रहा है, जिसके कारण यह विवाद इतना बड़ा रूप ले चुका है।

भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कहा कि किसान के सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि फर्जी पहचान पर नौकरी और दुर्व्यवहार की घटना पर कार्रवाई न होने तक किसान टोल प्लाजा पर धरना जारी रखेंगे।
वर्तमान में यहां भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन किसानों से संवाद कर माहौल शांत करने का प्रयास कर रहा है। देर शाम किसानों ने धरना समाप्त किया और इसके बाद टोल प्लाजा पर यातायात धीरे धीरे सामान्य हो गया।

वाराणसी: घने कोहरे से मुंबई जाने वाली फ्लाइट रद्द, यात्री सुरक्षित उतारे गए

वाराणसी में ठंड का कहर, मंडलीय अस्पताल में बढ़े मरीज, OPD में भारी भीड़

हस्तिनापुर को श्रापित बताने पर राजनीतिक हलचल तेज, भाजपा ने बयान से पल्ला झाड़ा

कफ सीरप तस्करी मामला: शुभम जायसवाल पर 50 हजार का इनाम, 38 करोड़ की संपत्ति होगी कुर्क

लखनऊ: पीएम कार्यक्रम के बाद सजावटी गमले उठाए जाने की घटना का वीडियो वायरल