मऊ के घोसी विधायक सुधाकर सिंह का लखनऊ में निधन, राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर

मऊ की घोसी विधानसभा सीट से सपा विधायक सुधाकर सिंह का लखनऊ के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया।

Thu, 20 Nov 2025 12:21:52 - By : Trishikha pal

मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह का गुरुवार सुबह लखनऊ के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उनके बेटे डॉक्टर सुजीत सिंह ने इस खबर की पुष्टि की। अचानक हालात बिगड़ने के बाद उन्हें पिछले कई दिनों से लगातार उपचार मिल रहा था, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उनकी स्थिति को स्थिर नहीं किया जा सका। उनके निधन से राजनीतिक गलियारों में गहरा शोक छा गया है और पूरे घोसी क्षेत्र में स्तब्धता का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को दिल्ली में उमर अंसारी के रिसेप्शन से लौटते समय सुधाकर सिंह की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई। दिल्ली एयरपोर्ट पर ही उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी और वाराणसी पहुंचते तक उनकी हालत काफी गंभीर हो चुकी थी। उन्हें तुरंत वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। मंगलवार को उन्हें मेदांता अस्पताल ले जाया गया और वहीं गुरुवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।

सुधाकर सिंह पहले से हृदय संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे। वर्ष 2022 में उन्हें पेसमेकर लगाया गया था। उनके बेटे सुजीत सिंह ने बताया कि अचानक सांस लेने में दिक्कत बढ़ने से हालत एकदम खराब हो गई और उन्हें बचाया नहीं जा सका।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उनके निधन की सूचना मिलते ही मेदांता अस्पताल पहुंचे और परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि सुधाकर सिंह जमीन से जुड़े, संघर्षशील और जनता के प्रिय नेता थे। पार्टी के लिए यह बड़ी क्षति है।

हाल ही में हुए उपचुनाव में सुधाकर सिंह ने बड़ी जीत दर्ज कर घोसी सीट को मजबूती से अपने पास रखा था। उन्होंने भाजपा के उम्मीदवार दारा सिंह चौहान को भारी मतों से पराजित किया था। इस जीत के बाद वह लगातार चर्चा में रहे और क्षेत्र में उनकी पकड़ और मजबूत मानी जाती थी।

उनके निधन से घोसी के लोगों में शोक की लहर है। समर्थकों के अनुसार वह हमेशा आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए आगे रहते थे और इसी वजह से क्षेत्र में उनकी गहरी लोकप्रियता रही। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने इसे अपूरणीय क्षति बताया है।

वाराणसी: फुलवरिया ओवरब्रिज पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार की मौत

वाराणसी: चांदी हुई 2.26 लाख पार, सर्राफा बाजार में सन्नाटा, महिलाएं चिंतित

बीएचयू छात्रा ऐशिकी सेन ने CAT में 99.18 परसेंटाइल लाकर हासिल की बड़ी सफलता

वाराणसी: कड़ाके की ठंड और कोहरे से स्कूलों पर शीत प्रहार, 26 दिसंबर को अवकाश

वाराणसी: बड़ागांव- सरेराह ताबड़तोड़ फायरिंग में 10वीं के छात्र की मौत, दहशत में ग्रामीण