Thu, 04 Dec 2025 13:25:10 - By : Yash Agrawal
लखनऊ के गोमतीनगर में सोमवार को रिटायर्ड IAS अधिकारी के घर के बाहर एक महिला की संदिग्ध हालत में मिली लाश ने पूरी घटना को सनसनीखेज मोड़ दे दिया। पुलिस ने दो दिन की जांच के बाद बुधवार को इस मामले में दो आरोपियों को विनीत खंड से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों युवकों ने स्वीकार किया कि उन्होंने महिला को शराब पिलाई, उसके साथ सेक्स किया और बाद में पैसे मांगने पर उसे मार डाला।
शव को रिटायर्ड IAS के घर के बाहर नाली के पास दीवार से टिकाकर बैठा दिया गया था, जिससे राहगीरों को लगा कि कोई महिला बैठी है। दोपहर तक कोई हलचल न होने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान 45 वर्षीय महिला के रूप में की, जो अलीगंज सेक्टर B की निवासी थी। उसके शरीर पर चोट और घसीटने के कई निशान थे।
शराब, झोपड़ी और रात की साजिश
पुलिस के मुताबिक आरोपी देवेन्द्र सिंह, जो कानपुर का निवासी है, सोमवार शाम ई रिक्शा से नवाब पुरवा शराब ठेके पर गया था। वहीं रेलवे स्टेशन गोमतीनगर के पास उसे महिला मिली, जिसने संकेत देकर रिक्शा रुकवाया। रास्ते में उसने खुद ही शारीरिक संबंध बनाने की बात कही और शराब पिलाने की शर्त रखी।
देवेन्द्र ने यह बात अपने दोस्त सूरज पाल को बताई, जो विशाल खंड 2 में पानी की टंकी के पास झोपड़ी में रहता है। दोनों महिला को वहां ले गए, जहां तीनों ने शराब पी। इसके बाद दोनों युवकों ने महिला से शारीरिक संबंध बनाए।
पैसे मांगने पर विवाद और हत्या
पूछताछ में देवेन्द्र ने बताया कि संबंध बनाने के बाद महिला ने पैसे मांगे जबकि शुरू में कोई रकम तय नहीं हुई थी। महिला ने रुपये न देने पर शोर मचाना शुरू कर दिया। आरोपी बताते हैं कि पॉश इलाका होने के कारण वे डर गए और उसे शांत करने की कोशिश करने लगे।
महिला के बार बार चिल्लाने पर विवाद बढ़ा और गुस्से में दोनों ने उसे धक्का दे दिया। महिला का सिर पीछे रखे तख्त से टकराया और वह बेहोश हो गई। आरोपियों ने उसे कई देर तक उठाने की कोशिश की, लेकिन जब कोई हलचल नहीं हुई तो वे घबरा गए।
रात 3 बजे लाश को सड़क पर छोड़कर भागे
देवेन्द्र ने बताया कि वे देर रात तक इंतजार करते रहे। करीब 3 बजे ई रिक्शा में महिला को रखकर लगभग 200 मीटर दूर रिटायर्ड IAS के घर के बाहर नाली के पास मिट्टी वाले हिस्से पर बैठा दिया। उन्हें लगा कि होश आने पर वह खुद ही घर चली जाएगी। सुबह मौत की खबर फैलते ही दोनों मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने सीसीटीवी से पकड़ा
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे देवेन्द्र और सूरज की पहचान की गई। दोनों को विनीत खंड से गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के इरादे से उसे दीवार से सटाकर बैठाने की कोशिश की गई थी।
पुलिस दोनों आरोपियों पर हत्या और सबूत छिपाने की धाराओं में कार्रवाई कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट और घसीटने के निशान मिले हैं।