Sat, 06 Sep 2025 12:53:05 - By : Garima Mishra
मीरजापुर: अदलहाट थाना क्षेत्र के भोरमार गांव में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। राजगीरी का काम करने वाले नरेश के 12 वर्षीय बेटे पवन कुमार का शव शेरपुर स्थित स्वामी विवेकानंद पार्क के पास बाढ़ से बने गहरे जलजमाव में उतराया मिला। पवन शुक्रवार की दोपहर से लापता था, जिसके बाद परिवार और पूरे गांव में बेचैनी और चिंता का माहौल था। शनिवार सुबह उसके शव के मिलने से क्षेत्र में गहरा शोक फैल गया।
जानकारी के अनुसार पवन शुक्रवार को बिना बताए घर से शेरपुर गंगा किनारे मछली पकड़ने चला गया था। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पहले आसपास के इलाकों में खोजबीन हुई लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने पुलिस को भी सूचना दी। रातभर खोज जारी रही और शनिवार सुबह स्वामी विवेकानंद पार्क के पास बाढ़ से बने जलजमाव में स्थानीय लोगों ने उसका शव उतराया देखा। खबर मिलते ही परिजन वहां पहुंचे और विलाप करने लगे।
पवन कक्षा 6 का छात्र था और परिवार में तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी असामयिक मौत से पूरे परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा। पिता नरेश मेहनत मजदूरी कर घर का भरण पोषण करते हैं। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां और बहनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। गांव के लोग बड़ी संख्या में घर पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने लगे।
घटना की सूचना पर नरायनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह मामला पानी में डूबने से हुई मौत का प्रतीत होता है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि हाल के दिनों में गंगा के किनारे बाढ़ का पानी फैलने से कई जगहों पर गहरे गड्ढों में जलजमाव हो गया है। इन्हीं में से एक गहरे हिस्से में पवन के फंस जाने और डूबने की आशंका जताई जा रही है।
पवन की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ और जलजमाव वाले इलाकों में बच्चों की सुरक्षा के लिए जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।