Sat, 19 Jul 2025 12:09:02 - By : Sayed Nayyar
वाराणसी: रामनगर/स्वच्छ भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल करते हुए भाजपा मंडल रामनगर के नव नियुक्त पदाधिकारियों ने रविवार को एक व्यापक सफाई अभियान चलाया। इस अभियान की शुरुआत वाराणसी के रामनगर क्षेत्र में स्थित पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री और भारतीय संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं की साफ-सफाई से की गई। मंडल अध्यक्ष श्रीमती प्रीति बघेल के नेतृत्व में यह अभियान भाजपा के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी से संपन्न हुआ।
मीडिया से बात करते हुए मंडल अध्यक्ष प्रीति बघेल ने कहा कि यह स्वच्छता अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच और संकल्प का अनुसरण है। उन्होंने याद दिलाया कि 2014 में जब प्रधानमंत्री ने बनारस से पहली बार चुनाव जीतने के बाद अस्सी घाट पर खुद झाड़ू लगाकर देश को स्वच्छ भारत का संदेश दिया था, तब उन्होंने केवल एक प्रतीकात्मक कार्य नहीं किया बल्कि पूरे देश में जनभागीदारी से बदलाव की नींव रखी। उसी भावना को आगे बढ़ाते हुए रामनगर मंडल के सभी कार्यकर्ता यह संकल्प लेते हैं कि वे रामनगर के प्रत्येक गली, मोहल्ले और धार्मिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने में सक्रिय योगदान देंगे।
उन्होंने विशेष रूप से धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण वारीगढ़ही क्षेत्र की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि गंगा की मौसी कही जाने वाली इस भूमि पर फैली गंदगी को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। मंडल के माध्यम से यहां जल्द ही विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की जाएगी ताकि इसे धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से स्वच्छ व सम्मानजनक स्थान बनाया जा सके।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रमुख रूप से मंडल उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह, विनोद कुमार पटेल, गौरव मोदनवाल, कंचन निषाद, राघवेंद्र मिश्रा, महामंत्री जितेंद्र कुमार पांडे "झुनझुन", रितेश पाल, मंडल मंत्री विवेक मिश्रा, भैयालाल सोनकर, मंजू देवी, इंदु सिंह, जय सिंह चौहान, संजय दुबे और कोषाध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
इस दौरान राजकुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, "स्वच्छता केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। हम सभी अगर अपने-अपने क्षेत्रों में छोटे-छोटे प्रयास करें तो एक बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।"
वहीं महामंत्री जितेंद्र पांडे "झुनझुन" ने बताया कि मंडल के नए पदाधिकारी केवल नाम भर नहीं बल्कि सेवा भाव से ओतप्रोत होकर कार्य करेंगे और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की दिशा में अग्रसर रहेंगे।
गौरव मोदनवाल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा, "आज की यह पहल केवल एक सफाई अभियान नहीं है, यह हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है कि भाजपा के कार्यकर्ता धरातल पर समाजहित के कार्यों में लगे हुए हैं।"
रितेश पाल ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के स्वच्छ भारत मिशन ने पूरे देश में नई सोच को जन्म दिया है। रामनगर मंडल इसे पूरी निष्ठा से आगे बढ़ाने का कार्य करेगा।"
मंडल उपाध्यक्ष कंचन निषाद और मंजू देवी ने बाबा साहब अंबेडकर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों की सराहना करते हुए कहा कि "दोनों ही महान विभूतियों ने भारत को समता, स्वच्छता और सम्मान की राह पर अग्रसर किया। हमारी जिम्मेदारी है कि उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं और धरातल पर उतारें।"
इस पूरे आयोजन ने स्थानीय लोगों में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई और कई निवासियों ने भी आगे आकर अभियान में भागीदारी निभाई। भाजपा मंडल रामनगर की यह पहल क्षेत्र में स्वच्छता की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है, जिसे आने वाले दिनों में और अधिक विस्तार देने की योजना है।