भदोही: जमीनी विवाद में फायरिंग, एक युवक की मौत, दो घायल

By
Dilip Kumar
Dilip Kumar is the Associate Editor at News Report, a registered Hindi newspaper committed to ethical, factual, and responsible journalism. He plays a key role in...
3 Min Read
भदोही के बनपुरवा जंगला गांव में भूमि विवाद के बाद पुलिस जांच

भदोही। औराई थाना क्षेत्र के ग्राम बनपुरवा जंगला में मंगलवार सुबह पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर हुई हिंसक झड़प में एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना से इलाके में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई, हालांकि पुलिस की तत्परता से हालात पर जल्द ही नियंत्रण पा लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 10.02.2026 को सुबह लगभग 10:28 बजे, बनपुरवा जंगला गांव में दो पक्षों के बीच पुराने भूमि विवाद को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। यह विवाद दीवानी न्यायालय में पहले से विचाराधीन बताया जा रहा है। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से बृजेश कुमार यादव पुत्र विजय बहादुर यादव ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग कर दी। गोली दूसरे पक्ष के आशीष यादव पुत्र फूलचंद यादव उम्र लगभग 28 वर्ष की पीठ में लगी, जिससे मौके पर ही उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन और ग्रामीण उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस घटना में अखिलेश यादव पुत्र उमाशंकर यादव के हाथ में भी गोली लगी है, जबकि राजनाथ यादव पुत्र फूलचंद यादव को लाठी डंडे से चोट आई है। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही औराई थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने फायरिंग में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवाल्वर को जब्त कर लिया है। साथ ही घटना से जुड़े तीन व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गांव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के पीछे पुराना जमीनी विवाद मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम, फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। साक्ष्य संकलन की कार्रवाई जारी है और मामले में आवश्यक विधिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था सामान्य है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की अफवाह या तनाव फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और पुलिस को जांच में सहयोग करने की अपील की है।