भदोही पुलिस ने गुमशुदा चार वर्षीय बालिका को सुरक्षित किया बरामद

By
Dilip Kumar
Dilip Kumar is the Associate Editor at News Report, a registered Hindi newspaper committed to ethical, factual, and responsible journalism. He plays a key role in...
3 Min Read
भदोही पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा चार वर्षीय बालिका को सकुशल परिजनों को सौंपा

भदोही। जनपद भदोही पुलिस ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए गुमशुदा मासूम को सकुशल बरामद कर परिजनों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी। पुलिस अधीक्षक श्री अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन मुस्कान के तहत थाना गोपीगंज क्षेत्र में गुम हुई चार वर्ष की बालिका को महज कुछ ही घंटों में सुरक्षित खोज लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना गोपीगंज क्षेत्र की रहने वाली चार वर्ष की एक बालिका अपनी मां के साथ गोपीगंज कस्बे के बाजार आई थी। इसी दौरान अचानक वह भीड़ में गुम हो गई। बच्ची के लापता होने की सूचना मिलते ही परिजनों में अफरा तफरी मच गई और तत्काल डायल 112 पर इसकी जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिना समय गंवाए बच्ची की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस अधीक्षक भदोही द्वारा गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी के लिए पहले से ही सख्त निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्री शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में डायल 112 की पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश अभियान चलाया। बाजार क्षेत्र, प्रमुख चौराहों और संभावित स्थानों पर पुलिसकर्मियों को लगाया गया और स्थानीय लोगों से भी सहयोग लिया गया।

पुलिस की सतर्कता और त्वरित प्रयासों का ही परिणाम रहा कि आज दिनांक 09.02.2026 को गुमशुदा बालिका को मात्र 02 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक विधिक औपचारिकताओं को पूर्ण करने के बाद बालिका को सुरक्षित रूप से उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्ची को सकुशल देखकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े।

बालिका की सुरक्षित बरामदगी पर परिजनों ने भदोही पुलिस का आभार व्यक्त किया और पुलिस की तत्परता की सराहना की। स्थानीय लोगों में भी इस त्वरित कार्रवाई को लेकर पुलिस के प्रति सकारात्मक संदेश गया है। जनमानस का कहना है कि ऐसे प्रयासों से पुलिस और जनता के बीच विश्वास और मजबूत होता है।

इस सराहनीय कार्य में पीआरवी 7672 की पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें हेड कांस्टेबल संजय सिंह पटेल और होमगार्ड चालक प्रकाश चंद्र यादव शामिल रहे। पुलिस प्रशासन ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत आगे भी गुमशुदा बच्चों और व्यक्तियों की बरामदगी के लिए इसी तरह सतत प्रयास जारी रहेंगे।