10 अप्रैल तक बिहार के नए मुख्यमंत्री पर तस्वीर साफ होगी: मनोज तिवारी
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने रोहतास के डेहरी-ऑन-सोन में मीडिया से बातचीत के दौरान बिहार की राजनीति को लेकर बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद को लेकर स्थिति जल्द स्पष्ट हो जाएगी और 10 अप्रैल तक नए मुख्यमंत्री को लेकर तस्वीर सामने आ सकती है।
नीतीश कुमार के विकास कार्यों की सराहना
मनोज तिवारी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग से बिहार तेजी से “विकसित बिहार, समृद्ध बिहार” की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि मुख्यमंत्री पद से संभावित इस्तीफा और राज्यसभा जाने की चर्चाओं पर जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
रेलवे और इंफ्रास्ट्रक्चर मुद्दों पर दिया आश्वासन
भाजपा सांसद ने डालमियानगर स्थित रेल वैगन मरम्मत कारखाना और पाली रेलवे ओवरब्रिज की मरम्मत से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर वह जल्द ही रेल मंत्री से मुलाकात करेंगे और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे।
उन्होंने कहा कि आम जनता की सुविधा सरकार की प्राथमिकता है और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पवन सिंह को लेकर दिया बड़ा बयान
भोजपुरी अभिनेता और नेता पवन सिंह को राज्यसभा न भेजे जाने के सवाल पर मनोज तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने हर कार्यकर्ता का सम्मान करती है। उन्होंने पवन सिंह को “लोकप्रिय नेता और छोटे भाई” बताते हुए कहा कि उन्हें पार्टी में उचित स्थान जरूर मिलेगा।
नक्सलवाद पर सरकार का दावा
यूजीसी अध्यादेश को लेकर चल रहे विरोध के सवाल पर उन्होंने कहा कि सभी को सम्मान और अधिकार मिलना चाहिए। वहीं नक्सलवाद के मुद्दे पर उन्होंने दावा किया कि देश में यह समस्या अब समाप्ति की ओर है।
उन्होंने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि हाल के वर्षों में 700 से अधिक नक्सली मारे गए हैं, 2200 से ज्यादा गिरफ्तार किए गए हैं और 4800 से अधिक नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में भी कई बड़े माओवादी नेताओं का अंत या आत्मसमर्पण हुआ है।
कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
डेहरी-ऑन-सोन पहुंचने पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बबल कश्यप के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और चैंबर ऑफ कॉमर्स से जुड़े व्यापारियों ने मनोज तिवारी का स्वागत किया। उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष रविशंकर राय समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। मनोज तिवारी का यह दौरा राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब बिहार की सियासत में हलचल तेज है।
LATEST NEWS