चंदौली: साहूपूरी में साइकिल सवार युवक को ट्रक ने रौदा, मौके पर मौत

By
Sandeep Srivastava
Sandeep Srivastava serves as a Sub Editor at News Report, a registered Hindi newspaper dedicated to ethical, accurate, and reader-focused journalism. He is responsible for copy...
3 Min Read
चंदौली के साहूपूरी में सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर जुटे ग्रामीण

चंदौली: पड़ाव थाना क्षेत्र के साहूपूरी में एनडीआरएफ कैंप के पास आज रविवार दोपहर एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को गम और आक्रोश में डुबो दिया। तेज रफ्तार से आ रही एक ट्रक ने साइकिल सवार मजदूर को पीछे से रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और कुछ ही देर में हजारों की संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

हमारे संवाददाता अभिनव वर्मा के अनुसार, यह हादसा आज दोपहर करीब 1 बजे हुआ। मृतक की पहचान भुजहुआ गांव निवासी सोहन लाल के रूप में हुई है, जो मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह सोहन लाल जी की बिल्डिंग में निर्माण कार्य करता था। रोज़ की तरह आज भी वह साइकिल से काम पर निकला था और अपनी भाभी चंदा देवी को साइकिल पर बैठाकर जा रहा था। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही ट्रक ने उसे कुचल दिया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सोहन लाल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में उसकी भाभी चंदा देवी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार बेहद तेज थी और चालक ने कोई ब्रेक तक नहीं लगाया, जिससे यह भयावह दुर्घटना हुई।

हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों में प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश देखने को मिला और क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सोहन लाल की मौत ने उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। वह अपने घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके पीछे चार मासूम बेटियां और एक छोटा बेटा है, जो अभी समझने की उम्र में भी नहीं हैं। परिवार के सामने अब रोज़ी-रोटी और भविष्य की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। रोते-बिलखते परिजनों का कहना है कि सोहन लाल ही पूरे घर का सहारा था, उसकी मौत से सब कुछ उजड़ गया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, घायलों के समुचित इलाज और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि एनडीआरएफ कैंप के पास सड़क पर भारी वाहनों की रफ्तार पहले से ही जानलेवा बनी हुई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही की कीमत को उजागर करता है, जिसमें एक मेहनतकश मजदूर की जान चली गई और उसका परिवार बेसहारा हो गया।

न्यूज बाय: अभिनव वर्मा