वाराणसी: सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने आज शुक्रवार की शाम दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस सभागार में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की, जिसमें विकास परियोजनाओं, कानून-व्यवस्था की स्थिति और आगामी अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों से जुड़ी तैयारियों पर विशेष चर्चा हुई।
बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि वाराणसी में संचालित सभी विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से और मानक गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास योजनाओं को लेकर बेहद गंभीर है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। योगी आदित्यनाथ ने जोर देते हुए कहा कि परियोजनाओं की मॉनिटरिंग उच्च स्तर पर हो रही है और परिणाम धरातल पर नजर आने चाहिए।
मुख्यमंत्री ने हाल ही में दोबारा आई बाढ़ की स्थिति का उल्लेख करते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत पहुंचाई जाए और उनकी मूलभूत जरूरतों का ख्याल रखा जाए। आश्रय स्थलों पर पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित हो और बीमार गोवंश का समय पर उपचार कराया जाए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी, ताकि किसी भी स्तर पर कोताही न हो।
योगी आदित्यनाथ ने अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों में पुलिस का भय साफ नजर आना चाहिए। थानों की नियमित समीक्षा, प्रभावी फुट पेट्रोलिंग और यातायात प्रबंधन को दुरुस्त करने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध कब्जों और दबंगों पर कठोर कार्रवाई हो तथा किसी भी स्तर पर अवैध वसूली नहीं होने दी जाएगी।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग पर विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सरकारी अस्पतालों में दलाली पर पूरी तरह रोक लगे। नकारात्मक शिकायतों का तत्काल संज्ञान लिया जाए और प्रोफेशनल ब्लड डोनरों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं। उन्होंने वाराणसी को जल्द से जल्द टीबी मुक्त करने के लिए व्यापक अभियान चलाने का भी निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने शहरी स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता में रखते हुए कहा कि नगर निगम और अन्य विभाग मिलकर ठोस योजना बनाएं। आवारा कुत्तों और निराश्रित गोवंश की समस्या के समाधान पर संयुक्त प्रयास की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आश्रय स्थलों पर चारे और साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखा जाए।
योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को रकबे के अनुसार खाद उपलब्ध हो और कालाबाजारी पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। निजी दुकानों पर भी खाद की गुणवत्ता की जांच की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि समितियों में खाद का पर्याप्त स्टॉक होना चाहिए ताकि किसानों को किसी तरह की दिक्कत न हो।
मुख्यमंत्री ने आगामी 11 सितंबर को वाराणसी में मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम के प्रस्तावित आगमन की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस दौरान स्वागत और सुरक्षा की व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी की पहचान सांस्कृतिक और वैश्विक पटल पर बेहद महत्वपूर्ण है और यह आगमन विश्व स्तर पर सकारात्मक संदेश देगा। इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री ने सिगरा स्थित रोपवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया।
बैठक की शुरुआत जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने प्रेजेंटेशन के साथ की। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 15,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 66 बड़ी परियोजनाएं प्रगति पर हैं। इनमें रिंग रोड फेज-2 का कार्य जनवरी 2026 तक और कज्जाकपुरा फ्लाईओवर का निर्माण नवंबर 2025 तक पूर्ण कराने का लक्ष्य है।
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने मुख्यमंत्री को मंडल की विकास योजनाओं और बाढ़ की स्थिति की जानकारी दी। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन से जुड़ी जानकारियां साझा कीं, जबकि डीआईजी वैभव कृष्ण ने जोन के 9 जिलों में अपराध नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी, गो-तस्करी और शराब माफियाओं पर कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।
बैठक में मुख्यमंत्री के साथ कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। इनमें श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, विधायक राय धर्मेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री व विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, विधायक डॉ. सुनिल पटेल, विधायक त्रिभुवन राम, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, डीआईजी वैभव कृष्ण, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीना, एमडी पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम शंभू कुमार, विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग, नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल, डीएफओ स्वाति श्रीवास्तव, इसके अलावा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सभी विकास योजनाओं में पारदर्शिता और समन्वय होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई और फील्ड विजिट को नियमित करें, ताकि आम जनता की समस्याओं का समाधान समय पर हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों में सुधार से ही प्रशासन की सकारात्मक छवि बनेगी और यही सरकार की प्राथमिकता है।
वाराणसी: सीएम योगी ने विकास, कानून-व्यवस्था की समीक्षा की, दिए सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी दौरे पर विकास, कानून-व्यवस्था और बाढ़ राहत पर समीक्षा कर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
Category: uttar pradesh varanasi politics
LATEST NEWS
-
लखनऊ: पीएम कार्यक्रम के बाद सजावटी गमले उठाए जाने की घटना का वीडियो वायरल
लखनऊ में पीएम कार्यक्रम के समापन के बाद सजावटी गमलों की चोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।
BY : Aakash Tiwari (Mridul) | 26 Dec 2025, 12:35 PM
-
वाराणसी एयरपोर्ट पर इंडिगो चालक दल ने ड्यूटी सीमा के चलते उड़ान से किया इनकार
वाराणसी एयरपोर्ट पर इंडिगो चालक दल ने ड्यूटी टाइम लिमिटेशन के कारण उड़ान संचालित करने से इनकार किया।
BY : Palak Yadav | 26 Dec 2025, 12:35 PM
-
वाराणसी: काल भैरव मंदिर में वार्षिक श्रृंगार-अन्नकूट उत्सव, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
काल भैरव मंदिर में वार्षिक श्रृंगार व अन्नकूट उत्सव धूमधाम से मनाया गया, श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से दर्शन किए।
BY : Palak Yadav | 26 Dec 2025, 12:20 PM
-
कानपुर: रखरखाव कार्य के चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति आज बाधित
कानपुर के कई क्षेत्रों में रखरखाव कार्य के कारण शुक्रवार को निर्धारित समय तक बिजली कटौती रहेगी।
BY : Palak Yadav | 26 Dec 2025, 11:46 AM
-
वाराणसी और पूर्वांचल में घना कोहरा, सुबह गलन से जनजीवन प्रभावित
वाराणसी समेत पूर्वांचल में देर रात से घना कोहरा रहा, सुबह गलन से लोग घरों में रहे, धूप से राहत मिली।
BY : Palak Yadav | 26 Dec 2025, 11:55 AM
