पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारतीय रेल में समय पालन का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन में 99.32 प्रतिशत की उपलब्धि के साथ इस मंडल ने देशभर के 70 रेल मंडलों में पहला स्थान हासिल किया। यह प्रदर्शन न केवल मंडल के लिए बल्कि पूरी भारतीय रेल के लिए एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
गणतंत्र दिवस के दिन राजधानी, वंदे भारत और अमृत भारत जैसी प्रीमियम सेवाओं सहित कुल 149 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन पूरी तरह समयबद्ध और निर्बाध रहा। पूर्व मध्य रेल के अंतर्गत आने वाला यह मंडल देश के प्रमुख रेल केंद्रों में गिना जाता है। उत्तर भारत को पूर्वी और उत्तर पूर्वी राज्यों से जोड़ने वाला यह रेल मंडल यात्री और माल परिवहन दोनों ही दृष्टि से बेहद अहम भूमिका निभाता है।
रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण रेल मार्गों पर स्थित होने के कारण यहां से प्रतिदिन हजारों यात्री ट्रेनों के साथ साथ बड़ी संख्या में मालगाड़ियों का संचालन किया जाता है। समय पालन और कुशल परिचालन के माध्यम से यह मंडल राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था, औद्योगिक गतिविधियों और कृषि आपूर्ति श्रृंखला को मजबूती प्रदान करता है। गणतंत्र दिवस के दिन मंडल से कुल 629 ट्रेनों का संचालन हुआ, जिनमें 394 मालगाड़ियां और 235 यात्री ट्रेनें शामिल थीं।
चालू वित्तीय वर्ष में भी डीडीयू रेल मंडल का प्रदर्शन लगातार प्रभावशाली रहा है। अब तक 42 बार यह मंडल देश के शीर्ष दस रेल मंडलों में शामिल हो चुका है, जबकि चार अवसरों पर सौ प्रतिशत समय पालन के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया गया है। जनवरी माह में ही यह मंडल तीन बार शीर्ष पांच में अपनी जगह बना चुका है।
प्रतिदिन औसतन 600 से अधिक ट्रेनों के संचालन के बावजूद त्योहारों, परीक्षाओं, मेलों और चुनाव जैसी व्यस्त परिस्थितियों में भी यहां रेल परिचालन सुचारु बना हुआ है। इस सफलता के पीछे उन्नत रखरखाव व्यवस्था, आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और कर्मचारियों की मजबूत कार्य संस्कृति प्रमुख कारण माने जा रहे हैं।
रेलवे बोर्ड के मार्गदर्शन और पूर्व मध्य रेल मुख्यालय के सहयोग से मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने समय पालन, सुरक्षा और यात्री संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। डीडीयू रेल मंडल की टीम का कहना है कि यात्रियों को सुरक्षित, समयबद्ध और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना उनकी निरंतर प्राथमिकता रहेगी और आने वाले समय में प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
