जौनपुर में धर्म परिवर्तन के आरोप में चार गिरफ्तार, पुलिस की सख्त कार्रवाई

By
Savan Nayak
Savan Nayak
Savan Nayak is the Bureau Chief for Uttar Pradesh at News Report, a registered Hindi newspaper. He specializes in ground reporting on crime, law and order,...
- Savan Nayak
3 Min Read
केराकत पुलिस टीम ने धर्म परिवर्तन के आरोप में चार लोगों को किया गिरफ्तार

जनपद जौनपुर के थाना केराकत क्षेत्र में धर्म परिवर्तन से जुड़े एक गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ये आरोपी प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास कर रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए केराकत पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी आरोपियों को हिरासत में लिया और उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू की।

थाना केराकत पुलिस द्वारा इस संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 27/2026 धारा 3 और 5(1) उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत किया गया था। प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त अजय कुमार के घर से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में अजय कुमार पुत्र राम नारायण निवासी तरियारी थाना केराकत जनपद जौनपुर, राजबली पुत्र भभूति उम्र करीब 58 वर्ष निवासी बलईपुर थाना केराकत जनपद जौनपुर, दिवाकर पुत्र त्रिभुवन उम्र करीब 33 वर्ष निवासी बरौना थाना बरदह जनपद आजमगढ़ तथा अवधेश पुत्र अच्छेलाल उम्र करीब 32 वर्ष निवासी मैरांद खान थाना गौराबादशाहपुर जनपद जौनपुर शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार अभियुक्तों के पास से ईसाई धर्म से संबंधित प्रचार सामग्री भी बरामद की गई है। बरामदगी में एक ईसाई धर्म प्रचार पोस्टर, 26 पवित्र बाइबिल, दो वास्तविक संग्रह, छह पवित्र शास्त्र जिनमें भजन संहिता और नीति वचन शामिल हैं, एक नया विधान तथा अन्य ईसाई धर्म से संबंधित स्त्रोत ग्रंथ शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इन सामग्रियों के आधार पर यह स्पष्ट होता है कि आरोपी संगठित रूप से धर्म परिवर्तन से जुड़ी गतिविधियों में संलिप्त थे।

गिरफ्तारी के बाद सभी अभियुक्तों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले में अग्रेतर विधिक कार्रवाई जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

इस कार्रवाई में केराकत थाना पुलिस की एक विशेष टीम शामिल रही, जिसमें वरिष्ठ उप निरीक्षक द्वारिकानाथ यादव, उप निरीक्षक बब्बन सिंह, हेड कांस्टेबल संजय यादव, संजय यादव द्वितीय, ज्योति प्रकाश, कांस्टेबल रामअवतार सिंह, कांस्टेबल धर्मेन्द्र यादव, महिला कांस्टेबल आशा तथा महिला कांस्टेबल अनुपमा सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए इस प्रकार के मामलों में सख्त कार्रवाई आवश्यक है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश में लागू विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। जनपद में शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और ऐसी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Savan Nayak
Follow:
Savan Nayak is the Bureau Chief for Uttar Pradesh at News Report, a registered Hindi newspaper. He specializes in ground reporting on crime, law and order, public administration, and social issues. With a strong focus on factual accuracy and public interest journalism, he contributes investigative and field-based stories from across Uttar Pradesh.