मानसा में एटीएम चोरी का खुलासा: पंजाब-हरियाणा के पांच आरोपी गिरफ्तार, 20.60 लाख रुपये बरामद
पंजाब के मानसा जिले के उपमंडल सरदूलगढ़ के कस्बा झुनीर में एटीएम चोरी की बड़ी वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में पंजाब और हरियाणा के युवकों द्वारा बनाई गई सुनियोजित साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20 लाख 60 हजार रुपये नकद और चोरी किया गया एटीएम बरामद किया है।
31 मार्च की रात हुई थी वारदात
जिला पुलिस प्रमुख भागीरथ सिंह मीणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि 31 मार्च की रात अज्ञात आरोपितों ने राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एक बैंक के एटीएम का शटर तोड़कर मशीन को उखाड़ लिया था। बैंक रिकॉर्ड के अनुसार, उस समय एटीएम में 33 लाख 28 हजार रुपये की राशि मौजूद थी।
घटना के बाद थाना झुनीर में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया।
पांच आरोपित गिरफ्तार, अलग-अलग जिलों से कनेक्शन
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपितों में तीन पटियाला जिले के, एक हरियाणा के सोनीपत का और एक सरदूलगढ़ क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने इनके कब्जे से 20 लाख 60 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पहले की गई रेकी, फिर रची गई साजिश
पूछताछ में सामने आया कि आरोपितों ने इस वारदात को अंजाम देने से पहले पूरी योजना बनाई थी। वे वारदात से पहले कई बार एटीएम की रेकी करते थे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की दिशा सीमित कर देते थे, ताकि उनकी पहचान न हो सके।
इतना ही नहीं, आरोपित एटीएम के अंदर लगे कैमरों पर स्प्रे कर देते थे, जिससे फुटेज धुंधली हो जाए और पुलिस को सुराग न मिल सके।
नंबर प्लेट बदलकर देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित वारदात के दौरान इस्तेमाल की जाने वाली गाड़ी की नंबर प्लेट बदल लेते थे। इसके अलावा वे किसी भी आधुनिक संचार उपकरण का इस्तेमाल नहीं करते थे, ताकि उनकी लोकेशन ट्रेस न की जा सके।
नहर से बरामद हुए एटीएम के हिस्से
गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने नहर से एटीएम मशीन के कुछ हिस्से भी बरामद किए हैं। इससे यह स्पष्ट हुआ कि वारदात के बाद आरोपितों ने सबूत मिटाने की कोशिश की थी।
आपराधिक इतिहास की भी जांच
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपितों के खिलाफ पहले भी चोरी और अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उनके पुराने रिकॉर्ड और अन्य संभावित वारदातों की भी जांच कर रही है।
रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी
पुलिस ने आरोपितों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान इस गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
पुलिस की बड़ी सफलता
इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह के पकड़े जाने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी और इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।
LATEST NEWS