सोनभद्र: रेणुकूट में तेज रफ्तार कार का कहर, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
सोनभद्र जिले के पिपरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रेणुकूट रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने पहले बस का इंतजार कर रहे एक व्यक्ति को टक्कर मारी, फिर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी झोपड़ी में जा घुस गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
बस का इंतजार कर रहे व्यक्ति को मारी टक्कर
घटना रात करीब 11:30 बजे की है। एनसीएल कॉलोनी बीना निवासी 48 वर्षीय सत्येंद्र रेलवे स्टेशन मोड़ पर बस का इंतजार कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार मारुति कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
झोपड़ी में घुसी कार, सो रहे व्यक्ति को भी मारी टक्कर
टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी झोपड़ी में जा घुसी, जहां झारोखुर्द गांव निवासी 60 वर्षीय राजमणि राम सो रहे थे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने दोनों घायलों को हिंडाल्को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान सत्येंद्र की मौत हो गई। वहीं राजमणि राम की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पत्नी को छोड़कर लौट रहे थे सत्येंद्र
पुलिस के अनुसार, मृतक सत्येंद्र अपनी पत्नी को ट्रेन पकड़ाने के लिए रेणुकूट रेलवे स्टेशन आए थे और वापस घर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
नशे में होने की आशंका, चालक फरार
स्थानीय लोगों का कहना है कि कार चालक नशे की हालत में था और रेलवे स्टेशन पर किसी से उसका विवाद भी हुआ था। इसके बाद वह तेज रफ्तार में कार चलाते हुए भागने लगा, जिससे यह दुर्घटना हुई।
पुलिस ने कार जब्त की, तलाश जारी
पुलिस ने हादसे में शामिल कार को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
यह घटना तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों को एक बार फिर उजागर करती है।
LATEST NEWS