सिद्धार्थनगर में मामूली विवाद में कपड़ा व्यवसायी की चाकू से गर्दन काटकर हत्या, आरोपी फरार
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में मामूली विवाद ने देखते ही देखते भयावह रूप ले लिया। जोगिया कोतवाली क्षेत्र के नादेपार चौराहे पर मंगलवार शाम एक कपड़ा व्यवसायी की चाकू से गर्दन काटकर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी है।
नादेपार चौराहे पर हुई वारदात
मिली जानकारी के अनुसार जोगिया थाना क्षेत्र के ग्राम जोगिया निवासी शिवम कसौधन पुत्र सबलू कसौधन नादेपार चौराहे के पास मकान बनाकर रहते थे। वहीं पर वह कपड़े की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। उनके पिता सबलू कसौधन की भी कपड़ों की दुकान कड़जहवां बाजार में है। स्थानीय लोगों के अनुसार शिवम क्षेत्र में मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे और व्यापार के कारण लोगों से उनका अच्छा संपर्क था।
बताया जा रहा है कि नादेपार निवासी विनय वर्मा से शिवम की गहरी दोस्ती थी। विनय वर्मा की शादी बुधवार को होने वाली थी, जिसके चलते उनके रिश्तेदार भी गांव में पहुंचे हुए थे। इसी सिलसिले में मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के ग्राम सोनबरसा निवासी विनय के मामा का पुत्र प्रिंस वर्मा भी शादी में शामिल होने के लिए आया हुआ था।
दोस्ती को लेकर पनपी रंजिश
स्थानीय लोगों के अनुसार प्रिंस वर्मा को विनय वर्मा और शिवम कसौधन की दोस्ती पसंद नहीं थी। इसी बात को लेकर उसके मन में पहले से ही नाराजगी थी। सोमवार को इसी मुद्दे को लेकर शिवम और प्रिंस के बीच कहासुनी भी हुई थी, लेकिन उस समय मामला शांत हो गया था। हालांकि इस विवाद की चिंगारी अगले ही दिन एक बड़ी घटना में बदल गई।
शिवम के छोटे भाई शुभम के अनुसार मंगलवार शाम करीब छह बजे वह घर से थोड़ी दूरी पर खड़े होकर मोमोज खा रहे थे। उसी समय वहां प्रिंस वर्मा भी मौजूद था। तभी शिवम कसौधन अपनी कार से वहां पहुंचे। आरोप है कि शिवम को देखते ही प्रिंस ने गुस्से में आकर उनकी कार का शीशा तोड़ दिया।
कार से उतरते ही किया जानलेवा हमला
कार का शीशा टूटने के बाद शिवम ने इसका विरोध किया और जैसे ही वह कार से नीचे उतरे, आरोपी प्रिंस वर्मा ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि प्रिंस ने सीधे शिवम की गर्दन पर वार किया, जिससे उनकी गर्दन की नस कट गई और वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। परिजन और आसपास के लोग घायल शिवम को तुरंत सिद्धार्थनगर मेडिकल कॉलेज के अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी बांसी शुभेंदु सिंह तथा जोगिया थानाध्यक्ष अभय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली।
फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का दिया आश्वासन
पुलिस क्षेत्राधिकारी बांसी शुभेंदु सिंह ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आरोपी घटना के बाद से फरार है, लेकिन पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद नादेपार और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग मामूली विवाद में हुई इस निर्मम हत्या से स्तब्ध हैं। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है ताकि आरोपी को जल्द से जल्द कानून के दायरे में लाया जा सके।
LATEST NEWS