सोनभद्र में अंतरराज्यीय गो तस्कर गिरोह के सरगना सहित तीन गिरफ्तार, आठ गोवंश बरामद

By
Mridul Kr Tiwari
Mridul Kr Tiwari is the Editor-in-Chief of News Report, a registered Hindi newspaper dedicated to credible, independent, and public-interest journalism. He oversees editorial operations, newsroom standards,...
4 Min Read
सोनभद्र में पुलिस ने अंतरराज्यीय गो तस्कर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया

जनपद सोनभद्र में गो तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गो तस्कर गिरोह के सरगना सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से आठ गोवंश बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के कुशल पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार के नेतृत्व में की गई।

दिनांक 07 फरवरी 2026 को थाना कोन पुलिस टीम को सूचना मिली कि कुछ लोग जंगल के रास्ते गोवंशों को पैदल लेकर जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल क्षेत्र में घेराबंदी की और जंगल के अंदर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने देखा कि तीन व्यक्ति गोवंशों को हांकते हुए ले जा रहे हैं। पुलिस को देखते ही वे भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। जांच के दौरान उनके साथ मौजूद आठ गोवंश सुरक्षित बरामद किए गए।

पकड़े गए अभियुक्तों से पूछताछ करने पर कई अहम जानकारियां सामने आईं। अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित अंतरराज्यीय गो तस्कर गिरोह से जुड़े हुए हैं और लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त हैं। उन्होंने बताया कि वे मध्य प्रदेश के सिंगरौली क्षेत्र और सोनभद्र के ओबरा क्षेत्र से गोवंशों को बेहद कम कीमत पर खरीदते थे। इसके बाद जंगल और दुर्गम रास्तों का उपयोग करते हुए इन्हें पश्चिम बंगाल भेजा जाता था, जहां वध के लिए ऊंचे दामों पर बिक्री की जाती थी। अभियुक्तों ने यह भी बताया कि गिरोह के अन्य सदस्य विभिन्न राज्यों में फैले हुए हैं और समय समय पर स्थान बदलकर तस्करी की जाती है, ताकि पुलिस की पकड़ से बचा जा सके।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान धर्मेन्द्र यादव पुत्र इन्द्रजीत यादव निवासी परती थाना केतार जनपद गढ़वा झारखंड उम्र करीब 26 वर्ष, सियाराम चेरो पुत्र शिवमूरत चेरो निवासी पड़रछ थाना कोन जनपद सोनभद्र उम्र करीब 32 वर्ष तथा इरशाद हुसैन पुत्र मुबारक हुसैन निवासी अकबरपुर थाना रोहतास जनपद रोहतास उम्र करीब 38 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार धर्मेन्द्र यादव इस गिरोह का सक्रिय सदस्य और संचालन में अहम भूमिका निभाने वाला बताया जा रहा है।

अभियुक्तों के कब्जे से आठ गोवंशों के अलावा तीन मोबाइल फोन और नौ सौ रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइल फोन की जांच की जा रही है, जिससे गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस ने सभी गोवंशों को सुरक्षित स्थान पर भेजते हुए उनके संरक्षण की व्यवस्था की है।

इस संबंध में थाना कोन पर मुकदमा संख्या 23/2026 धारा 3, 5A,/5B/8 गोवध निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय भेज दिया है।

गिरफ्तारी की इस पूरी कार्रवाई में थाना कोन के प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, चौकी प्रभारी चाची कला उप निरीक्षक लालजी यादव, उप निरीक्षक भागवत राय, हेड कांस्टेबल विनय यादव, हेड कांस्टेबल ईश्वर चंद सिंह, हेड कांस्टेबल विपिन जायसवाल और कांस्टेबल देवेंद्र पाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और साहस की सराहना की है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद सोनभद्र में गो तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। अंतरराज्यीय गिरोहों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर इस अवैध धंधे को जड़ से खत्म करने का प्रयास किया जाएगा।