वाराणसी: दालमंडी चौड़ीकरण के दौरान पेट्रोल फेंककर आग लगाने से मचा हड़कंप

By
Sandeep Srivastava
Sandeep Srivastava serves as a Sub Editor at News Report, a registered Hindi newspaper dedicated to ethical, accurate, and reader-focused journalism. He is responsible for copy...
3 Min Read
दालमंडी चौड़ीकरण के तहत प्रशासन द्वारा चिन्हित भवनों को ध्वस्त किया गया

वाराणसी: दालमंडी चौड़ीकरण योजना को लेकर सोमवार को प्रशासन ने बड़ी और सख्त कार्रवाई शुरू की। सुबह से ही इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। एसीपी दशाश्वमेध के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासनिक अमले ने क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया। इस कार्रवाई के तहत दालमंडी क्षेत्र में चिन्हित किए गए 21 भवनों को ध्वस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई। कार्रवाई से पहले ही प्रशासन को विरोध की आशंका थी, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था को बेहद पुख्ता रखा गया था।

सोमवार सुबह चौक थाना क्षेत्र में एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने मौके पर मौजूद पुलिस बल को विस्तार से ब्रीफ किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए और हर परिस्थिति के लिए मानसिक रूप से तैयार रहें। सुरक्षाकर्मियों को बिना सुरक्षा उपकरण के आगे न बढ़ने की हिदायत दी गई। इसके बाद भारी संख्या में पुलिस बल और संबंधित विभाग की टीम दालमंडी पहुंची और तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू की गई।

कार्रवाई के बीच अचानक उस समय अफरातफरी मच गई जब किसी अज्ञात व्यक्ति ने विरोध में पुलिस और लोगों की ओर पेट्रोल फेंककर आग लगाने की कोशिश की। आग की लपटें दिखाई देते ही मौके पर मौजूद अधिकारी और जवान तुरंत अलर्ट हो गए। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला और आसपास मौजूद लोगों को पीछे हटाया गया। कुछ देर के लिए इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, लेकिन पुलिस की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अतिरिक्त फोर्स बुला ली गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आसपास के क्षेत्रों से भी भारी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए थे, जिन्हें लगातार समझा बुझाकर हटाया गया। प्रशासन का कहना है कि दालमंडी चौड़ीकरण योजना शहर के यातायात और विकास की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है और इसे किसी भी सूरत में बाधित नहीं होने दिया जाएगा।

एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान विरोध की पूरी आशंका पहले से थी, इसलिए फोर्स को पहले ही अलर्ट कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अराजकता फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पुलिस सुरक्षा के बीच आगे बढ़ाई जा रही है। प्रशासन पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।