वाराणसी: दुष्कर्म व ब्लैकमेलिंग के आरोप में दो आरोपी सारनाथ से गिरफ्तार

By
Savan Nayak
Savan Nayak is the Bureau Chief for Uttar Pradesh at News Report, a registered Hindi newspaper. He specializes in ground reporting on crime, law and order,...
3 Min Read
सारनाथ थाना परिसर में गिरफ्तार करन विश्वकर्मा और महिला आरोपी

वाराणसी कमिश्नरेट के वरुणा जोन अंतर्गत थाना सारनाथ पुलिस ने नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी देने के गंभीर मामले में वांछित अभियुक्त करन विश्वकर्मा समेत एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर वांछित और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस आयुक्त कैंट के नेतृत्व में थाना सारनाथ पुलिस टीम द्वारा ऑपरेशन चक्रव्यूह के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। थाना सारनाथ में पंजीकृत मु0अ0सं0 0067/2026 धारा 64(2)(m) 123 351(3) बीएनएस से संबंधित इस प्रकरण में अभियुक्त करन विश्वकर्मा पुत्र जगदीश विश्वकर्मा निवासी N12/456 A3 छोटी पटिया बजरडीहा थाना भेलूपुर जनपद वाराणसी उम्र लगभग 29 वर्ष तथा एक महिला अभियुक्ता उम्र करीब 35 वर्ष को दिनांक 08 फरवरी 2026 को समय लगभग 01 बजकर 05 मिनट पर थाना परिसर सारनाथ से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार यह मामला तब सामने आया जब पीड़िता ने दिनांक 07 फरवरी 2026 को थाना सारनाथ में लिखित प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि करन विश्वकर्मा और एक महिला ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके साथ ही आरोपियों द्वारा पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए गए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थाना सारनाथ पुलिस ने तत्काल सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया और विवेचना प्रारंभ की गई।

इस मामले की विवेचना महिला उप निरीक्षक मीनू सिंह द्वारा की जा रही है। विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन और तकनीकी तथ्यों के आधार पर अभियुक्तों की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है और अन्य तथ्यों की भी गहन जांच की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त करन विश्वकर्मा के विरुद्ध वर्तमान में थाना सारनाथ कमिश्नरेट वाराणसी में मु0अ0सं0 0067/2026 धारा 64(2)(m) 123 351(3) बीएनएस के अंतर्गत आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और ऐसे मामलों में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना सारनाथ के प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार त्रिपाठी तथा महिला उप निरीक्षक मीनू सिंह शामिल रहीं। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जा सके।