मन की बात के 134वें एपिसोड ने जगाई नई चेतना संसदीय जनसंपर्क कार्यालय वाराणसी में कार्यकर्ताओं ने सुना प्रधानमंत्री का प्रेरक संदेश
वाराणसी: देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री एवं काशी के सांसद नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 134वें एपिसोड का प्रसारण रविवार को संसदीय जनसंपर्क कार्यालय वाराणसी में उत्साह और श्रद्धा के वातावरण में सुना गया। कार्यक्रम का आयोजन संसदीय कार्यालय प्रभारी शिव शरण पाठक के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे तथा प्रधानमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम के बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणादायक बताया।
मन की बात के इस विशेष एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों का उल्लेख किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश की मनोरमा नदी को बचाने के अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले आकाश गुप्ता की सराहना की। साथ ही नमामि गंगे अभियान के अंतर्गत तैयार की गई भारत की पहली गंगा डॉल्फिन रेस्क्यू एंबुलेंस का भी जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा केवल सरकारी दायित्व नहीं बल्कि जनभागीदारी का महाअभियान है जिसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री ने युवाओं में विज्ञान और अंतरिक्ष अनुसंधान के प्रति बढ़ती रुचि पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि एस्ट्रोनॉमी ने हर पीढ़ी में कौतूहल जगाया है और नई खोजों के लिए प्रेरित किया है। इसके साथ ही उन्होंने नीदरलैंड्स द्वारा चोल काल की प्राचीन ताम्र पट्टिकाओं को भारत को वापस सौंपे जाने का उल्लेख करते हुए इसे देश की सांस्कृतिक विरासत और गौरव से जुड़ा ऐतिहासिक क्षण बताया।
शिव शरण पाठक ने कहा राष्ट्र निर्माण का मार्ग दिखाता है मन की बात
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संसदीय कार्यालय प्रभारी शिव शरण पाठक ने कहा कि मन की बात केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं बल्कि देश के करोड़ों लोगों को जोड़ने वाला एक जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समाज के उन गुमनाम नायकों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का कार्य कर रहे हैं जो अपने स्तर पर देश और समाज के लिए असाधारण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज का एपिसोड पर्यावरण संरक्षण सांस्कृतिक विरासत विज्ञान और खेल जैसे विषयों को एक सूत्र में पिरोने वाला प्रेरणादायक संदेश था।
शिव शरण पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री का प्रत्येक शब्द देशवासियों में नई ऊर्जा और नई चेतना का संचार करता है। उन्होंने कहा कि काशी का लंगड़ा आम हो या गंगा डॉल्फिन संरक्षण का अभियान प्रधानमंत्री ने स्थानीय पहचान को राष्ट्रीय मंच देकर देश की विविधता को एक नई पहचान प्रदान की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री के संदेशों को घर घर तक पहुंचाने का कार्य करें।
वीणा पांडे ने कहा समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला कार्यक्रम
श्रीमती वीणा पांडे ने कहा कि मन की बात देश को सकारात्मक सोच और रचनात्मक कार्यों की दिशा में आगे बढ़ाने वाला कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जिस प्रकार पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण की बात की है वह आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण संदेश है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि समाज का हर व्यक्ति अपने आसपास के पर्यावरण और सामाजिक सरोकारों के प्रति जिम्मेदारी निभाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा आम और भारतीय कृषि संस्कृति का उल्लेख ग्रामीण भारत की आत्मा को सम्मान देने का प्रतीक है। इससे किसानों और बागवानी से जुड़े लोगों का मनोबल बढ़ता है और स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलती है।
अजय प्रताप सिंह ने कहा युवाओं को नई उड़ान देता है प्रधानमंत्री का संदेश
अजय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एस्ट्रोनॉमी और खेल जगत से जुड़े उदाहरणों के माध्यम से युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा दी है। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री स्वयं युवाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हैं तो इससे देश के करोड़ों युवाओं में आत्मविश्वास पैदा होता है।
उन्होंने कहा कि गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर जैसे खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख यह संदेश देता है कि भारत अब हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। युवाओं को शिक्षा विज्ञान खेल और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है।
पवन शर्मा ने बताया जनभागीदारी का सबसे बड़ा मंच बन चुका है मन की बात
मन की बात कार्यक्रम के संयोजक पवन शर्मा ने कहा कि मन की बात देश के नागरिकों और प्रधानमंत्री के बीच संवाद का सबसे प्रभावशाली मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें देश के सामान्य नागरिकों की असाधारण उपलब्धियों को राष्ट्रीय पहचान मिलती है। यही कारण है कि समाज के हर वर्ग में इस कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा जाता है।
उन्होंने कहा कि आज के एपिसोड में पर्यावरण संरक्षण सांस्कृतिक विरासत खेल विज्ञान और जनभागीदारी जैसे विषयों पर प्रधानमंत्री के विचारों ने सभी को प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता इन संदेशों को जनजन तक पहुंचाने का संकल्प लेकर यहां से जा रहे हैं।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे उपस्थित
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शिव शरण पाठक श्रीमती वीणा पांडे नंदकिशोर पांडेय सुनील मिश्रा शिवांग रविंद्र सिंह पार्षद रमाशंकर पटेल पार्षद जगन्नाथ ओझा अजय प्रताप सिंह अरविंद चौधरी गौरव पांडेय सौरभ पाठक सुमित मिश्रा सोनी शर्मा रीना सिंह चंद्रकला गुप्ता अनीता गुप्ता तथा मन की बात कार्यक्रम संयोजक पवन शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के संदेशों को समाज और राष्ट्रहित में प्रेरणादायक बताते हुए उनके विचारों को जन जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
LATEST NEWS