अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत में अपेक्षित सुधार न होने के कारण उन्हें बुधवार को दिन में अयोध्या से लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार अयोध्या के श्रीराम अस्पताल में सेवानिवृत डॉक्टर एस के पाठक ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया था। जांच के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज और निगरानी के लिए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र भेजने की सलाह दी।
बताया जा रहा है कि 87 वर्षीय महंत नृत्य गोपाल दास पिछले करीब 36 घंटे से कुछ भी अन्न ग्रहण नहीं कर पा रहे हैं। उल्टी और दस्त की समस्या के बाद उन्हें लगातार कमजोरी महसूस हो रही थी। चिकित्सकों की निगरानी में रखे जाने के बावजूद उनकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं दिखा। इसी को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर करने का निर्णय लिया। फिलहाल मेदांता अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा है।
महंत नृत्य गोपाल दास अयोध्या की मणि राम दास की छावनी के प्रमुख हैं और राम जन्मभूमि न्यास तथा श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक संस्थानों से लंबे समय से जुड़े हुए हैं। वे श्री कृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के भी प्रमुख हैं। उनके अस्वस्थ होने की खबर के बाद अयोध्या सहित देश भर में उनके अनुयायियों और संत समाज में चिंता का माहौल है। सभी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
