होली के दिन बदमाशों का दुस्साहस, घर में घुसकर दंपती को बंधक बनाकर लूट
अलीगढ़ के देहलीगेट थाना क्षेत्र के घुड़ियाबाग इलाके में होली के दिन बुधवार को चार बदमाशों ने एक स्क्रैप कारोबारी के घर में घुसकर तमंचे और चाकू के बल पर दंपती को बंधक बना लिया। बदमाश घर में रखे जेवरात, नकदी, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। विरोध करने पर आरोपितों ने दंपती को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
होली मिलने के बहाने घर में घुसे बदमाश
जानकारी के अनुसार हाथरस वाला पेंच निवासी विनोद कुमार स्क्रैप कारोबारी हैं। होली के दिन दोपहर में वह अपनी पत्नी सुमन के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान चार बदमाश गेट पर पहुंचे और दरवाजा खटखटाकर खुद को होली मिलने आया बताया।
जैसे ही विनोद कुमार गेट पर पहुंचे, एक बदमाश ने उन्हें धक्का देकर घर के अंदर प्रवेश कर लिया और उसके पीछे तीन अन्य बदमाश भी अंदर घुस आए। घर में घुसते ही बदमाशों ने तमंचा और चाकू दिखाकर दंपती को धमकाया और हाथापाई शुरू कर दी।
दंपती को कमरे में बंद कर घर खंगाला
बदमाशों ने विनोद कुमार और उनकी पत्नी को एक कमरे में बंधक बना दिया। इसके बाद पूरे घर की तलाशी ली और अलमारी में रखी नकदी, जेवरात, महिला के कंगन, दो मोबाइल फोन सहित अन्य कीमती सामान समेट लिया। हाथापाई के दौरान महिला को चोट भी आई है।
सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश
बदमाशों के चेहरों पर होली का रंग लगा हुआ था, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। हालांकि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में चारों बदमाश गली में आते-जाते दिखाई दिए हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
अपर पुलिस अधीक्षक मयंक पाठक ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
LATEST NEWS