बलिया में शिक्षक लूट और हत्या कांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक फरार

बलिया में शिक्षक लूट और हत्या के मुख्य आरोपी नितिश सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया, उसका एक साथी फरार हो गया।

Sat, 20 Sep 2025 11:26:45 - By : SANDEEP KR SRIVASTAVA

बलिया, 20 सितंबर 2025: बलिया जनपद के उभांव थाना क्षेत्र में शिक्षक लूट और हत्या की सनसनीखेज घटना में शामिल एक कुख्यात बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार देर रात हुई इस कार्रवाई में बदमाश नितिश सिंह निवासी टोला नंदपुर कुकर घाटी (थाना खामपार, जनपद देवरिया) के पैर में गोली लगी। वहीं उसका साथी विकास सोनकर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। इस घटना में शामिल एक अन्य आरोपी को आज़मगढ़ की सदर कोतवाली पुलिस ने भी मुठभेड़ के दौरान पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।

रसड़ा क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार की रात करीब 12 बजे के बाद उभांव थाना पुलिस टीम खनदवा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का इशारा नजरअंदाज कर बाइक सवार तेजी से पीछे मुड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से बदमाश नितिश सिंह घायल हो गया और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। उसका साथी विकास मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में पुलिस को बड़े खुलासे मिले। नितिश ने स्वीकार किया कि 16 सितंबर को उसने अपने साथियों संग मिलकर उभांव थाना क्षेत्र में महिला अध्यापिका राधिका वर्मा से सोने की चेन छीनी थी। इसके कुछ ही देर बाद साहूंपुर क्षेत्र में शिक्षक देवेंद्र प्रताप यादव और महिला अध्यापिका कंचन सिंह से भी सोने की चेन और अंगूठी लूट ली थी। इसी दौरान विरोध करने पर देवेंद्र प्रताप यादव को गोली मार दी गई, जिससे उनकी मौत हो गई थी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।

घायल नितिश सिंह को पुलिस ने उपचार के लिए बलिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मौके से लूटी गई बाइक, एक मोबाइल फोन और नकद ₹12,530 बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार विकास सोनकर की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस वारदात ने बलिया समेत आसपास के जिलों को झकझोर दिया था। लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच इस सफलता को पुलिस बड़ी उपलब्धि मान रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और जिले में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

वाराणसी: रामनगर आयुर्वेदिक चिकित्सालय में दवाओं की भारी कमी, समाजसेवी अमित राय ने सचिव आयुष से लगाई गुहार

दिल्ली धमाके के बाद काशी में हाई अलर्ट, कमिश्नरेट पुलिस की सख्त निगरानी

दिल्ली: लाल किले के पास बड़ा धमाका, आठ की मौत, चौबीस घायल, पुलिस ने जारी किया हाई अलर्ट

वाराणसी: नंबर प्लेट ढककर खुलेआम घूम रहे वाहन चालक, पुलिस की निष्क्रियता से सुरक्षा खतरे में

लखनऊ: शादी का झांसा देकर वैवाहिक साइट पर 5.48 लाख की ऑनलाइन ठगी