Wed, 17 Sep 2025 10:46:01 - By : Garima Mishra
वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिला। घाटों पर श्रद्धा और उत्साह का अनोखा संगम बना रहा। दशाश्वमेध घाट पर शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के नेतृत्व में अन्नपूर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्य आश्रम और शास्त्रार्थ महाविद्यालय के 108 वेदपाठी बटुकों ने विशेष अनुष्ठान किया। इस अवसर पर गंगा में दुग्धाभिषेक कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु और राष्ट्र की समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई।
आचार्य उदित नारायण मिश्र और आचार्य संजय उपाध्याय के निर्देशन में बटुकों ने सस्वर वेद मंत्रों का पाठ किया। शंखनाद और मंत्रोच्चारण से घाट का वातावरण पूर्णत: भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु भी इस आध्यात्मिक माहौल में शामिल हुए और प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की।
विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के हृदय में गंगा जी के प्रति असीम श्रद्धा और समर्पण की भावना है। इसी कारण उनके जन्मदिवस पर गंगा में दुग्धाभिषेक और पूजन अर्चन कर देश और समाज की प्रगति के लिए आशीर्वाद मांगा गया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं और आज पूरा देश उन्हें युगपुरुष के रूप में सम्मान दे रहा है।
अनुष्ठान के बाद बटुकों में मिठाई का वितरण किया गया। कार्यक्रम संयोजक और भाजपा महानगर कार्यसमिति सदस्य डॉ. पवन कुमार शुक्ला ने बताया कि इस अवसर पर पुरुष सूक्त का विशेष पाठ भी किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
इस दौरान प्रदीप श्रीवास्तव, दिलीप तुलस्यानी, किशोरी रमण दूबे बाबू महाराज, प्रकाशचंद्र गुप्ता, रमेश तिवारी और विशाल औढेकर समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। घाट पर हुए इस आयोजन ने प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को श्रद्धा और संस्कृति के साथ जोड़कर एक विशेष रंग दे दिया।