भदोही: सस्ते गल्ले की दुकान पर हमला, आरोपी अवैध हथियार समेत गिरफ्तार

By
Mridul Kumar Tiwari
Mridul Kumar Tiwari is the Editor-in-Chief of News Report, a registered Hindi newspaper dedicated to credible, independent, and public-interest journalism. He oversees editorial operations, newsroom standards,...
3 Min Read
भदोही के गोपीगंज क्षेत्र में सस्ते गल्ले की दुकान पर हमला करने वाला आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

भदोही में सस्ते गल्ले की दुकान पर हमला, अवैध हथियार से वार करने वाला आरोपी गिरफ्तार

जनपद भदोही के थाना गोपीगंज क्षेत्र में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में अवैध हथियार से वार कर स्वैच्छिक चोट पहुंचाने, अपमान करने और आपराधिक धमकी देने के आरोप में वांछित अभियुक्त को उसके घर से दबोचा गया।

राशन वितरण के दौरान हुआ विवाद

प्राप्त तहरीर के अनुसार आवेदक आनन्द प्रसाद बिन्द पुत्र ओम प्रकाश निवासी ग्राम सभा चितईपुर थाना गोपीगंज अपनी सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर 10 फरवरी 2026 की शाम लगभग 4.45 बजे राशन वितरण कर रहे थे। इसी दौरान दीपू मिश्रा पुत्र देवीशंकर मिश्रा निवासी धीरपुर बैदा थाना गोपीगंज राशन लेने आया और निर्धारित मानक से अधिक गेहूं की मांग करने लगा। अधिक राशन देने से इनकार करने पर उसने अपने भाई सूरज मिश्रा को फोन कर बुला लिया।

आरोप है कि सूरज मिश्रा धारदार हथियार लेकर दुकान पर पहुंचा और दोनों भाइयों ने मिलकर कोटेदार तथा उनके पुत्र अखिलेश बिन्द पर हमला कर दिया। बीच बचाव करने पहुंचे अतुल कुमार बिन्द और रामअक्षयवर बिन्द पर भी वार किया गया, जिससे चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया।

मु0अ0सं0 62/26 में दर्ज हुआ मुकदमा

घटना के आधार पर थाना गोपीगंज में मु0अ0सं0 62/26 धारा 115(2), 352, 351(3), 109(1), 324(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने वांछित अभियुक्त सूरज मिश्रा को 11 फरवरी 2026 को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया और विधिक कार्रवाई के बाद संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत किया।

पूछताछ में आरोपी ने कबूला घटना

गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि उसके भाई दीपू मिश्रा द्वारा अधिक राशन की मांग किए जाने पर विवाद हुआ था। उसने बोरा काटने वाले धारदार हथियार से कोटेदार और उसके परिजनों पर हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस अन्य संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त का नाम और पता

सूरज मिश्रा पुत्र देवीशंकर मिश्रा निवासी धीरपुर बैदा थाना गोपीगंज जनपद भदोही उम्र 25 वर्ष।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

निरीक्षक अजय विक्रम सिंह यादव, हेड कांस्टेबल धीरेन्द्र कुमार और कांस्टेबल सुधीर कुमार साहू थाना गोपीगंज जनपद भदोही।