भदोही में विवाहिता का हाई वोल्टेज ड्रामा: प्रेमी संग भागने के बाद पति के साथ रहने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के औराई कोतवाली क्षेत्र के जेठूपुर गांव में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विवाहिता अपने पति के साथ रहने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
प्रेमी संग भागने के बाद लौटी थी महिला
जानकारी के अनुसार, प्रयागराज जनपद के हंडिया तहसील अंतर्गत जैतपुर गांव निवासी युवती की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व औराई क्षेत्र के भमौरा पियरोपुर गांव निवासी अजय कुमार प्रजापति के साथ हुई थी। कुछ माह पहले महिला की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए जेठूपुर निवासी कमलेश नामक युवक से हुई, जिसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए।
गहने और नकदी लेकर प्रेमी के साथ फरार
बताया जा रहा है कि फरवरी 2026 में विवाहिता घर से गहने और नकदी लेकर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। इस मामले में पति अजय कुमार प्रजापति ने औराई कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला को गुजरात के राजकोट से बरामद कर लिया था और उसे वापस लाया गया।
पति ने साथ रखने से किया इनकार
बुधवार की सुबह करीब पांच बजे महिला अपने प्रेमी के साथ जेठूपुर गांव पहुंची और पति पर उसे घर में रखने का दबाव बनाने लगी। हालांकि पति ने उसे अपने साथ रखने से साफ इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर महिला ने पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा शुरू कर दिया।
घंटे भर चला मान-मनौवल, सुरक्षित उतारी गई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। महिला को नीचे उतारने के लिए काफी देर तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया। इस दौरान महिला लगातार अपने पति के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही। पुलिस ने उसके पति और सास को भी मौके पर बुलाया, लेकिन पति ने उसे साथ रखने से इंकार कर दिया।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और राहत टीम महिला को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही। इसके बाद महिला और उसके पति को औराई कोतवाली लाया गया, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास किया गया, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी।
पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस घटना ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई थी और काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
LATEST NEWS