भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई: 13.04 लाख नेपाली करेंसी बरामद, दो गिरफ्तार
भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और बासोपट्टी पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। जानकीनगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 13.04 लाख रुपये की नेपाली करेंसी बरामद की गई है और दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
संयुक्त गश्ती के दौरान पकड़े गए संदिग्ध
घटना 29 मार्च की दोपहर करीब सवा दो बजे की है, जब एसएसबी और बासोपट्टी पुलिस की संयुक्त गश्ती टीम सीमा स्तंभ संख्या 277/01 के पास निगरानी कर रही थी। इसी दौरान नो-मैन्स-लैंड से लगभग 20 मीटर भारतीय क्षेत्र (ग्राम जानकीनगर) में नेपाल की ओर से मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए।
गश्ती दल ने उन्हें रोककर तलाशी ली, जिसमें उनके पास से 13,04,000 रुपये की नेपाली करेंसी और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
इस कार्रवाई में दो भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान मनीष कुमार उर्फ राकेश पुत्र रामवृक्ष यादव, निवासी मोहनपुर, उमगांव, हरलाखी और सितेश पांडेय पुत्र श्याम किशोर पांडेय, निवासी सोठगांव, हरलाखी के रूप में हुई है।
बिना वैध दस्तावेज के लाई जा रही थी रकम
एसएसबी के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि यह राशि नेपाल से भारत के उमगांव क्षेत्र में एक व्यापारी को देने के लिए लाई जा रही थी। हालांकि, आरोपियों द्वारा इस रकम से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
सीमा शुल्क विभाग को सौंपी जाएगी कार्रवाई
बरामद नेपाली करेंसी और गिरफ्तार व्यक्तियों को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए स्थल सीमा शुल्क कार्यालय, जयनगर को सुपुर्द करने की प्रक्रिया जारी है।
एसएसबी की सतर्कता से मिली सफलता
48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के कमांडेंट ने इस सफलता पर जवानों की सराहना करते हुए कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए एसएसबी पूरी तरह सतर्क है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस के साथ बेहतर समन्वय और जवानों की मुस्तैदी के कारण इस प्रकार की गतिविधियों को समय रहते रोका जा रहा है। भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
LATEST NEWS