जनसुनवाई में सुनीं समस्याएं स्वच्छता अभियान में खुद उतरे कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव
वाराणसी: कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने शुक्रवार को अपने शिवाजी नगर स्थित जनसंपर्क कार्यालय महमूरगंज में आयोजित नियमित जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित होने वाली इस जनसुनवाई में क्षेत्र के लोग अपनी व्यक्तिगत सामाजिक और स्थानीय समस्याओं को लेकर पहुंचे। विधायक ने सभी फरियादियों की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सुबह साढ़े नौ बजे से शुरू हुई जनसुनवाई लगभग दो घंटे तक लगातार चली जिसमें विभिन्न इलाकों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं विधायक के सामने रखीं। रानीपुर निवासी मनोज बिंद ने बताया कि उनका आयुष्मान कार्ड लंबे समय से पेंडिंग दिखा रहा है जिसके कारण उन्हें इलाज कराने में कठिनाई हो रही है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने मुख्य चिकित्साधिकारी वाराणसी को निर्देश दिया कि प्रार्थी की समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए ताकि उन्हें चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सके।
बैंक धोखाधड़ी और पेंशन से जुड़ी शिकायतें भी आईं सामने
इसी तरह सिगरा निवासी नगीना विश्वकर्मा ने शिकायत की कि सिगरा स्थित सितारा बैंक द्वारा उनके साथ धोखाधड़ी की जा रही है। इस शिकायत को संज्ञान में लेते हुए विधायक ने तत्काल सिगरा थानाध्यक्ष को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं शिवपुरवा की रहने वाली लक्ष्मीना देवी ने बताया कि उन्हें पिछले एक वर्ष से विधवा पेंशन नहीं मिल रही है जिससे उनके सामने आर्थिक कठिनाइयां खड़ी हो गई हैं। इस पर विधायक ने समाज कल्याण अधिकारी वाराणसी को निर्देश दिया कि प्रार्थिनी की समस्या का जल्द समाधान कराया जाए।
जनसुनवाई के दौरान विधायक के साथ अभिषेक और रजनीश पाठक भी मौजूद रहे जिन्होंने लोगों की शिकायतों को दर्ज कराने और समाधान प्रक्रिया में सहयोग किया।
सरजू नगर कॉलोनी में चलाया स्वच्छता अभियान
इधर क्षेत्र की साफ सफाई से जुड़ी समस्या को लेकर विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कमच्छा स्थित सरजू नगर कॉलोनी के पार्क में स्वच्छता अभियान भी चलाया। दरअसल गुरुवार को हुई जनसुनवाई के दौरान कॉलोनीवासियों ने शिकायत की थी कि पार्क में वर्षों से सफाई नहीं हुई है और वहां उगी घनी झाड़ियों में सांप बिच्छू जैसे जहरीले जीव जंतु पनप रहे हैं। बरसात के दिनों में ये जीव आसपास के घरों तक पहुंच जाते हैं जिससे लोगों में भय का माहौल बना रहता है।
झाड़ियां काटकर दिया स्वच्छता का संदेश
शिकायत मिलते ही विधायक ने अगले ही दिन सुबह स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया। तय समय पर वह भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और बड़े स्तर पर सफाई कार्य शुरू कराया। इस दौरान उन्होंने स्वयं झाड़ियां काटकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। झाड़ियों की सफाई करते समय उनके हाथ में हल्की चोट भी लग गई लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अभियान जारी रखा और पूरे क्षेत्र की सफाई कराई।
घर घर जाकर लोगों से किया संवाद
स्वच्छता अभियान के बाद विधायक ने कॉलोनी के घर घर जाकर लोगों से संवाद किया और उनकी अन्य समस्याओं की भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची से जुड़े फॉर्म छह का भी वितरण कराया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में नियमित रूप से सफाई कराई जाए ताकि लोगों को गंदगी मच्छरों और बीमारियों के खतरे से राहत मिल सके।
स्वच्छता जनभागीदारी का अभियान
इस अवसर पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश को स्वच्छता का जो संदेश दिया है वह केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जनभागीदारी का अभियान है। उन्होंने कहा कि यदि हर नागरिक अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक रहेगा तो स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण संभव होगा।
कार्यक्रम के दौरान महानगर मंत्री किशन कन्नौजिया मंडल अध्यक्ष अनुराग शर्मा पार्षद सीमा वर्मा शिवा वर्मा संजय कुशवाहा आलोक श्रीवास्तव अनूप मौर्य संतोष सिंह शरत सोनकर सूरज सोनकर सुमुख गुप्ता मनोज सोनकर विजय वर्मा मनोज तिवारी मनीष चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
LATEST NEWS