सरकार का सहयोग मिला तो बिना आर्थिक मदद के खड़ा होगा फिल्म उद्योग

By
Sandeep Srivastava
Sandeep Srivastava serves as a Sub Editor at News Report, a registered Hindi newspaper dedicated to ethical, accurate, and reader-focused journalism. He is responsible for copy...
3 Min Read
फिल्म निर्माता दिलीप सोनकर वाराणसी में फिल्म उद्योग स्थापित करने की योजना साझा करते हुए

वाराणसी: काशी के लाल और जाने माने फिल्म निर्माता दिलीप सोनकर ने एक बार फिर यह साबित किया है कि उनका जुड़ाव सिर्फ मुंबई या बड़े शहरों तक सीमित नहीं है बल्कि बनारस उनकी रचनात्मक पहचान का केंद्र रहा है। अब तक कई लोकप्रिय टेलीविजन धारावाहिकों का निर्माण कर चुके दिलीप सोनकर ने कहा है कि यदि उत्तर प्रदेश सरकार प्रशासनिक स्तर पर सहयोग करे तो वह बिना किसी सरकारी आर्थिक सहायता के वाराणसी में एक पूर्ण फिल्म उद्योग की स्थापना कर सकते हैं। उनका मानना है कि बनारस केवल आध्यात्मिक ही नहीं बल्कि सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों का भी बड़ा केंद्र बन सकता है।

दिलीप सोनकर ने अपने अब तक के रचनात्मक सफर का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने रणभेरी लाल रेखा दामन मिट्टी का गुप्ता ब्रदर जैसे कई धारावाहिकों के माध्यम से काशी और यहां के कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया है। उनके अधिकांश धारावाहिकों में बनारस की गलियां संस्कृति बोली और लोकजीवन को प्रमुखता से दिखाया गया है। उन्होंने बताया कि वे बाबा विश्वनाथ की गाथा पर आधारित एक नया धारावाहिक भी लेकर आ रहे हैं जिसमें बाबा विश्वनाथ से जुड़ी पौराणिक कथाओं और काशी की आध्यात्मिक विरासत को दर्शाया गया है। इसका प्रसारण जल्द शुरू होने की संभावना है।

वर्तमान में दिलीप सोनकर दूरदर्शन के लिए नौ कड़ियों की एक लघु टेलीविजन श्रृंखला का फिल्मांकन कर रहे हैं। यह शूटिंग चांदपुर इंडस्ट्रियल स्टेट में पूर्व सांसद डॉक्टर विजय सोनकर शास्त्री के आवास के समीप बनाए गए थाना कमला नगर के सेट पर चल रही है। इसी दौरान उन्होंने बताया कि कमलाश्री फिल्म्स के बैनर तले नारी सशक्तिकरण और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत धारावाहिक नारी शक्ति का निर्माण शुरू किया गया है। इस धारावाहिक के माध्यम से समाज में महिलाओं की भूमिका और उनके संघर्ष को संवेदनशील ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।

दिलीप सोनकर ने कहा कि उन्होंने चांदपुर इंडस्ट्रियल स्टेट में फिल्म उद्योग की स्थापना के लिए एक प्लाट भी खरीदा है। यदि सरकार फिल्म उद्योग से जुड़ी अनुमति और प्रक्रियाओं को सरल बना दे तो यहां स्टूडियो की स्थापना संभव है। इससे पूर्वांचल के युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि जो धन अभी मुंबई में शूटिंग के दौरान खर्च होता है वही धन यदि बनारस और पूर्वांचल में खर्च हो तो इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र का समग्र विकास होगा।

उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में उन्होंने केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री एल मुरूगन से मुलाकात कर इस प्रस्ताव से उन्हें अवगत कराया है। नारी शक्ति धारावाहिक में रवि कोठारी कुणाल सिंह राजपूत गरिमा अग्रवाल प्रिया राजपूत पूर्वी सोनकर महेश पुजारी अभिषेक सक्लानी निरंजन चौबे विजय देओल और सरवंती मुखर्जी सहित कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

Sandeep Srivastava serves as a Sub Editor at News Report, a registered Hindi newspaper dedicated to ethical, accurate, and reader-focused journalism. He is responsible for copy editing, fact-checking, headline optimization, and maintaining consistency in news presentation.