विधानसभा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया में गणना प्रपत्र भरने और जमा करने का चरण पूरा हो चुका है। अब जिले में मतदाता सूची के आलेख प्रकाशन और दावा आपत्ति की प्रक्रिया शेष रह गई है। विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान जिले में कुल 31 लाख 53 हजार 705 मतदाताओं में से 24 लाख 7 हजार 143 मतदाताओं ने गणना प्रपत्र भरकर जमा किया है जिन्हें पूरी तरह सेव यानी सुरक्षित माना गया है। इन मतदाताओं का विवरण सत्यापन के बाद सूची में यथावत रखा गया है जिससे उनके मताधिकार पर किसी प्रकार का प्रभाव नहीं पड़ेगा।
प्रशासन के अनुसार वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मिलान का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। इस दौरान एक लाख 71 हजार 403 ऐसे मतदाता सामने आए हैं जिनकी मैपिंग नहीं हो सकी है। इन सभी मतदाताओं को नोटिस जारी किया जाएगा और नोटिस मिलने के बाद उन्हें निर्धारित समय सीमा में साक्ष्य प्रस्तुत करने होंगे। यदि प्रस्तुत साक्ष्य संतोषजनक पाए जाते हैं तो उनका नाम मतदाता सूची में बना रहेगा अन्यथा नाम कटना तय माना जा रहा है। इसके अतिरिक्त एएसडी श्रेणी में आने वाले अनुपस्थित शिफ्टेड और मृतक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। जिले में ऐसे मतदाताओं की संख्या 5 लाख 72 हजार 947 है जो कुल मतदाताओं का 18.17 प्रतिशत है।
विधानसभावार स्थिति की बात करें तो सर्वाधिक एएसडी मतदाता उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में पाए गए हैं। इस क्षेत्र में एक लाख 11 हजार 286 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं जो कुल मतदाताओं का 24.8 प्रतिशत है। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन मतदाताओं को भी दावा आपत्ति दाखिल करने का अवसर मिलेगा और यदि वे साक्ष्य के साथ उपस्थित होते हैं तो उन्हें दोबारा मतदाता के रूप में पंजीकृत किया जा सकेगा। शहरी क्षेत्र के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में एएसडी मतदाता पाए गए हैं। दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में 76 हजार 556 और कैंट विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 12 हजार 421 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। इन क्षेत्रों में शिफ्टेड और अनुपस्थित मतदाताओं की संख्या अधिक रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार इसके पीछे एक प्रमुख कारण यह है कि जिन मतदाताओं का नाम गांव और शहर दोनों की मतदाता सूची में दर्ज था उन्होंने गांव को प्राथमिकता दी और शहरी क्षेत्र से गणना प्रपत्र नहीं भरा। बड़ी संख्या में लोगों ने शहरी क्षेत्र में मतदाता बने रहने की बजाय गांव की मतदाता सूची में अपना नाम बनाए रखना बेहतर समझा। इसके पीछे पुश्तैनी संपत्ति और ग्रामीण पहचान को बनाए रखने की सोच को भी कारण माना जा रहा है। शहरी क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या घटने से राजनीतिक दलों में चिंता देखी जा रही है। मृतक मतदाताओं की बात करें तो सर्वाधिक प्रतिशत उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में 3.11 रहा जबकि अजगरा विधानसभा क्षेत्र में यह सबसे कम 1.98 प्रतिशत दर्ज किया गया है।
एसआइआर प्रक्रिया के बाद मतदाता सूची का आलेख प्रकाशन पहले 31 दिसंबर को प्रस्तावित था लेकिन अब इसे छह जनवरी को किया जाएगा। दावा आपत्ति की प्रक्रिया छह जनवरी से छह फरवरी तक चलेगी। इसी अवधि में छह जनवरी से 27 फरवरी तक नोटिस जारी करने और उनके निस्तारण की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन छह मार्च 2026 को किया जाएगा। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी प्रशासन बिपिन कुमार की ओर से आदेश जारी कर सभी संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दे दिए गए हैं।
मतदाता सूची पुनरीक्षण का गणना प्रपत्र चरण संपन्न, 5.72 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटे

जिले में विधानसभा मतदाता सूची पुनरीक्षण का गणना प्रपत्र चरण पूर्ण, 5.72 लाख एएसडी मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।
Category: election voter list government
LATEST NEWS
-
काशी में नववर्ष पर श्रद्धालुओं का सैलाब, विश्वनाथ धाम में दर्शन को उमड़ी भीड़
नववर्ष के स्वागत में काशी में लाखों श्रद्धालु पहुंचे, बाबा विश्वनाथ धाम सहित सभी मंदिरों में उमड़ी भारी भीड़, होटल और धर्मशालाएं पैक।
BY : Palak Yadav | 31 Dec 2025, 01:39 PM
-
मतदाता सूची पुनरीक्षण का गणना प्रपत्र चरण संपन्न, 5.72 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटे
जिले में विधानसभा मतदाता सूची पुनरीक्षण का गणना प्रपत्र चरण पूर्ण, 5.72 लाख एएसडी मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।
BY : Palak Yadav | 31 Dec 2025, 01:20 PM
-
यूपी में सड़क दुर्घटनाओं पर मंत्री चिंतित, 2026 से शुरू होगा सड़क सुरक्षा माह
सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए यूपी परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने 1 जनवरी 2026 से सड़क सुरक्षा माह की घोषणा की, जिससे जागरूकता बढ़ेगी।
BY : Palak Yadav | 31 Dec 2025, 01:05 PM
-
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय: कुलपति के नाम पर फर्जी संदेश, प्रशासन ने किया सतर्क
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय प्रशासन ने कुलपति के नाम से प्रसारित हो रहे फर्जी व्हाट्सऐप संदेशों पर सतर्कता अपील जारी की है, जिससे ठगी का प्रयास किया जा रहा है।
BY : Palak Yadav | 31 Dec 2025, 12:46 PM
-
क्षेत्र में घना कोहरा छाया, दिन में खिली धूप ने दी राहत, 3 जनवरी तक ठंड का अलर्ट जारी
बुधवार को सुबह घना कोहरा छाया रहा, बाद में धूप निकली, हालांकि मौसम विभाग ने 3 जनवरी तक ठंड बढ़ने का अलर्ट जारी किया है।
BY : Palak Yadav | 31 Dec 2025, 12:31 PM
