इंदौर में एमबीए छात्रा हत्याकांड: सहपाठी पीयूष धामनोदिया मुंबई से गिरफ्तार, मानसिक स्थिति की जांच
इंदौर में एमबीए की छात्रा की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने फरार आरोपी सहपाठी पीयूष धामनोदिया को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। द्वारकापुरी थाना पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी का व्यवहार असामान्य पाया गया है। पुलिस के अनुसार हत्या के बाद वह मानसिक रूप से अस्थिर नजर आया और शव के साथ अमानवीय हरकत करने के बाद ट्रेन से मुंबई भाग गया।
हत्या के बाद शराब पी, फिर मुंबई फरार
डीसीपी जोन-1 कृष्ण लालचंदानी के मुताबिक जनकपुरी निवासी पीयूष ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने एमबीए द्वितीय वर्ष की छात्रा की हत्या की। वारदात के बाद उसने शराब पी और फिर ट्रेन से मुंबई के लिए रवाना हो गया। आरोपी ने बताया कि वह घटना के बाद घबराया हुआ था और इंदौर में रुकना नहीं चाहता था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने छात्रा की हत्या के बाद उसके साथ आपत्तिजनक हरकत भी की। इस संबंध में जांच जारी है और फोरेंसिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है।
अश्लील वीडियो कॉलेज ग्रुप में किया पोस्ट
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि ट्रेन में बैठने के बाद आरोपी ने छात्रा के साथ बनाया गया एक अश्लील वीडियो कॉलेज के ग्रुप में पोस्ट किया और व्हाट्सएप स्टेटस पर भी अपलोड किया। पुलिस के अनुसार उसने छात्रा के परिजनों को गुमराह करने के लिए उसके मोबाइल से संदेश भेजे कि वह घर नहीं आ रही है।
बाद में मुंबई पहुंचकर आरोपी ने छात्रा का मोबाइल तोड़कर फेंक दिया। पुलिस अब उसे मुंबई ले जाकर मोबाइल बरामद करने की तैयारी कर रही है।
आत्मा से बात करने के लिए टोटके
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मुंबई पहुंचने के बाद आरोपी छात्रा की याद में व्याकुल रहने लगा। उसने यूट्यूब पर आत्मा से संपर्क करने के तरीके खोजे। नाला सोपारा के एक सुनसान इलाके में उसने कथित तौर पर टोटके किए। इसके लिए उसने कुमकुम, हल्दी, चूड़ियां और बिंदिया जैसी सामग्री खरीदी। छात्रा का आधार कार्ड और अंगूठी उसके पास पहले से मौजूद थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी को विश्वास था कि छात्रा सपने में आकर उससे बात करेगी। पूछताछ के दौरान वह कई बार रोने लगा और छात्रा से बात कराने की जिद करता रहा।
मानसिक स्थिति की जांच
थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि आरोपी की मानसिक स्थिति सामान्य प्रतीत नहीं हो रही है। उसकी चिकित्सकीय जांच कराई जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह मानसिक रूप से सक्षम है या नहीं। हालांकि पुलिस का कहना है कि उसने अपराध स्वीकार किया है और कई तथ्यों की पुष्टि भी की है।
अन्य साक्ष्यों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी ने कमरे की चाबी फूटी कोठी चौराहा पर फेंक दी थी, जो अभी तक बरामद नहीं हो सकी है। इस संबंध में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। आरोपी द्वारा बताए गए स्थानों पर पुलिस टीम भेजी जा रही है।
फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या के पीछे का वास्तविक कारण क्या था और क्या इस साजिश में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कई स्तरों पर जारी है।
