कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर डंगा ढहा, 30 मीटर सड़क क्षतिग्रस्त, रिहायशी क्षेत्र पर मंडराया खतरा
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में कीरतपुर-मनाली फोरलेन हाईवे पर बुधवार को एक गंभीर घटना सामने आई, जहां जागर नाला क्षेत्र में बना डंगा अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे में दोलेन मार्ग का करीब 30 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां कोई वाहन या व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पहले भी गिर चुका था डंगा, फिर उठे सवाल
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान पर यह डंगा ढहा है, वहां पहले भी इसी तरह की घटना हो चुकी है। हाल ही में फोरलेन परियोजना के तहत इस डंगे का दोबारा निर्माण किया गया था। बावजूद इसके, मानसून शुरू होने से पहले ही इसका गिर जाना निर्माण कार्य की गुणवत्ता और इंजीनियरिंग पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कंपनी द्वारा निर्धारित मानकों की अनदेखी की गई है, जिसका खामियाजा अब आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
रिहायशी इलाकों पर खतरा, लोगों में दहशत
डंगा गिरने के बाद आसपास की अन्य सुरक्षा दीवारों में भी दरारें आ गई हैं। इससे पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में रह रहे करीब 20 परिवारों के घरों पर खतरा मंडरा रहा है। क्षेत्र में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है।
स्थानीय निवासी सूरत राम ने बताया कि यदि समय रहते वैज्ञानिक तरीके से इस स्थान को मजबूत नहीं किया गया, तो पूरी पहाड़ी के धंसने का खतरा है, जिससे कई घर जमींदोज हो सकते हैं।
कंपनी ने बताया मिट्टी की सेटलमेंट कारण
इस मामले में निर्माण कंपनी केएमसी के प्रोजेक्ट मैनेजर सत्या ने सफाई देते हुए कहा कि क्षेत्र में मिट्टी की सेटलमेंट हो रही है, जिसके चलते डंगा गिरा है। उन्होंने कहा कि अब विशेषज्ञों से सलाह लेकर इस हिस्से का पुनर्निर्माण अधिक मजबूत डिजाइन के साथ किया जाएगा।
एनएचएआई ने मांगी रिपोर्ट
घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने संबंधित निर्माण कंपनी से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। परियोजना अधिकारी वरुण चारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है, वहीं स्थानीय लोग जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।
LATEST NEWS