वर्दी का रौब झाड़ रहा था फर्जी आरपीएफ दरोगा, प्रयागराज जंक्शन पर असली पुलिस ने दबोचा
प्रयागराज: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की वर्दी पहनकर लोगों पर धौंस जमाने और ट्रेनों में बेखौफ सफर करने वाले एक युवक की हकीकत आखिरकार सामने आ गई। रविवार को प्रयागराज जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए खुद को आरपीएफ दरोगा बताने वाले एक फर्जी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी गाजीपुर जनपद का निवासी दिव्यांशु कुमार बताया जा रहा है, जो पिछले करीब तीन महीनों से आरपीएफ की वर्दी पहनकर ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा कर रहा था और लोगों को अपने झांसे में ले रहा था।
पुलिस के अनुसार स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। इसी दौरान एक युवक आरपीएफ की वर्दी में स्टेशन परिसर में घूमता दिखाई दिया। टीम को उसके हावभाव और गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसे रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान जब उससे विभागीय पहचान पत्र और तैनाती से संबंधित जानकारी मांगी गई तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इससे पुलिस का शक और गहरा गया।
तलाशी में सामने आई सच्चाई
पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से आरपीएफ की वर्दी, कुछ नकदी और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए। इसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले लगभग तीन महीनों से आरपीएफ की वर्दी पहनकर ट्रेनों में सफर कर रहा था। वर्दी के रौब के कारण न तो कोई उससे टिकट मांगता था और न ही उस पर आसानी से शक करता था। इसी का फायदा उठाकर वह बिना टिकट यात्रा करता रहा।
वर्दी कहां से मिली, पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद जीआरपी और आरपीएफ ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि उसने आरपीएफ की वर्दी और अन्य सामान कहां से प्राप्त किया और क्या इस पूरे मामले में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।
रेलवे सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति खुद को रेलवे या सुरक्षा बल का अधिकारी बताकर संदिग्ध गतिविधि करता दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत रेलवे पुलिस या आरपीएफ को दें, ताकि समय रहते ऐसी धोखाधड़ी पर रोक लगाई जा सके।
LATEST NEWS