करछना के डीहा गांव में आधी रात बुलडोजर से मकान और चार गुमटियां ढहाईं, असलहाधारियों पर दहशत फैलाने का आरोप
15 से 20 लोगों के पहुंचने की सूचना, पुलिस ने फायरिंग से किया इनकार
प्रयागराज। यमुनापार के करछना थाना क्षेत्र के डीहा गांव में शुक्रवार आधी रात को कुछ असलहाधारियों द्वारा बुलडोजर की मदद से पुराना मकान और चार गुमटी दुकानों को ढहाए जाने का मामला सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 15 से 20 की संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और कार्रवाई को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
बताया जाता है कि डीहा गांव में पहले साधन सहकारी समिति का एक पुराना भवन था, जो जर्जर अवस्था में पहुंच चुका था। समिति को पहले ही दूसरी जगह शिफ्ट किया जा चुका है। उक्त भवन में गांव के राज प्रताप सिंह रह रहे थे। भवन के पास ही नन्हे निषाद की पान की गुमटी थी। इसके अलावा हरी लाल यादव, बाबा दिन सोनकर और प्रदीप शर्मा ने भी वहीं अपनी-अपनी गुमटियां लगा रखी थीं।
आधी रात बुलडोजर से कार्रवाई
ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार रात करीब 12 बजे कुछ लोग बैकहो लोडर लेकर पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने पहले पुराने मकान को गिराया और फिर बगल में रखी चारों गुमटियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। रात के समय अचानक हुई इस कार्रवाई से आसपास के लोग सहम गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल करछना पुलिस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि घटना के बाद कुछ लोग बाजार से थोड़ी दूरी पर स्थित नहर के पास गए और वहां हवाई फायरिंग की। हालांकि पुलिस ने फायरिंग की बात से इनकार किया है।
रामगढ़ में भी एक मकान गिराए जाने की चर्चा
ग्रामीणों में चर्चा है कि इसी दौरान रामगढ़ क्षेत्र में भी एक मकान को बुलडोजर से गिराया गया। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस जांच में जुटी
करछना थाना प्रभारी ने बताया कि फायरिंग की सूचना की पुष्टि नहीं हुई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
घटना के बाद गांव और बाजार क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। स्थानीय लोग कार्रवाई की पारदर्शिता और सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
LATEST NEWS